मंगलवार, सितंबर 15, 2009

एकता कपूर ने बालाजी टेलीफिल्‍म्‍स के नये प्रोजेक्‍ट के लिये नये चेहरे फेसबुक से चुने

एकता कपूर ने बालाजी टेलीफिल्‍म्‍स के नये प्रोजेक्‍ट के लिये नये चेहरे फेसबुक से चुने

ग्‍वालियर 15 सितम्‍बर 09 , फेसबुक पर नामी गिरामी हस्तियों में जहॉं वे पब्लिक से न केवल सीधे रूबरू होतीं हैं बल्कि कई राजनैतिक हस्तियॉ मसलन ग्‍वालियर सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, समाजवादी पार्टी की उ.प्र. की राजनेता मीरा शुक्‍ला सहित अनेक केन्‍द्रीय मंत्री व प्रदेश सरकारों के मंत्री लोगों से बाकायदा सलाह मशविरा और राय भी ग्रहण करते हैं तथा अपने द्वारा किये जा रहे या किये गये कार्यों से भी लोगों को अवगत कराते हैं इसके साथ ही उनसे सीधे बातचीत कर उनकी समस्‍याओं और परेशानीयों का भी निदान करते हैं ।

ग्‍वालियर सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया तो प्रतिदिन लगातार ही अनेक (हजारों) लोगों से फेसबुक पर सीधे रूबरू होकर वार्ता करतीं हैं ।

अन्‍य लोकप्रिय व म‍हत्‍वपूर्ण हस्तियों में कई शीर्ष फिल्‍म सितारे भी फेसबुक पर रोजाना अभिगमन करते हैं, जिसमें ऐश्‍वर्या रॉय, रिया, एकता कपूर (बालाजी टेली फिल्‍म्स), सहित अनेक शीर्ष अभिनेता भी यहॉं लोगों के सतत सम्‍पर्क में रहते हैं ।

आज प्रसिद्ध फिल्‍म अभिनेता जीतेन्‍द्र की पुत्री एकता कपूर ने अपनी घोषणा में कहा है कि फेसबुक पर अपने मित्रों व फैन्‍स में से ही उन्‍होंने अपने आगामी प्रोजेक्‍टस के लिये नये चेहरों को चुना है और शीघ्र ही इन चयनित लोगों को बालाजी टेलीफिल्‍म्‍स का आमंत्रण पत्र मिलने जा रहा है ।

एकता कपूर जी द्वारा की गयी घोषणा हम यहॉं नीचे यथावत दे रहे हैं । जो कि हमारी फेसबुक प्रोफाइल पर एकता जी की ओर से आयी है हम एकता जी को उनके आगामी नवीन प्रोजेक्‍टस की रिकार्ड सफलता के लिये ग्‍वालियर टाइम्‍स की टीम ओर से हार्दिक शुभकामनायें व बधाई देते हैं ।

 

We've selected new faces for our new project & I am very glad to tell that most of them are from my face book friends n fans. Now my company is going to contact these selected persons very soon on contact details provided by them. -  एकता कपूर   

वायुसेना के तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए रैली

वायुसेना के तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए रैली

 

Bhopal:Monday, September 14, 2009

 

भारतीय वायु सेना द्वारा रीवा में 17 सितम्बर से 22 सितम्बर 2009 तक भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती दो समूहों- ग्रुप 'X' और ग्रुप 'Y' के तहत की जाएगी। ग्रुप 'X' में तकनीकी ट्रेडों के लिए और ग्रुप 'Y' में ऑटो तकनीशियन, ग्राउण्ड ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर और भारतीय वायु सेना (पुलिस) पदों के लिए भर्ती की जाएगी। श्योपुर, मुरैना, भिण्ड,ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, सिंगरौली, सीधी एवं सतना के अविवाहित पुरुष इस भर्ती रैली में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक जुलाई, 1983 एवं 30 सितम्बर 1992 के मध्य होनी चाहिए।

रीवा के वायुसेना मैदान, चिरहुला में सुबह 7 बजे से आयोजित इस रैली में ग्रुप 'X' के तहत न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10 + 2 की परीक्षा पास उम्मीदवार शासन द्वारा मान्यता प्राप्त किसी पॉलिटेक्निक संस्था से इंजीनियरिंग जैसे कि मेकेनिकल इंजीनियरिंग रिंग, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कम्प्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेन्टेशन तक्नालॉजी या सूचना प्रौद्योगिकी में 3 साल का डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवार भाग ले सकेंगे। इसी तरह ग्रुप 'Y' के तहत 10+2 या समकक्ष व्यावसायिक परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होने आवश्यक हैं। भर्ती रैली के दौरान वायुसेना के अधिकारी, पायलट और नेवीगेटर पदों के लिए कोई भर्ती नहीं की जाएगी।

 

 

तिथि

गतिविधियां

पात्र जिले

 18 सितम्बर, 2009

लिखित परीक्षा एवं शारीरिक फिटनेस परीक्षा (पीएफटी) ग्रुप 'X' (तकनीकी) के लिए

श्योपुर, मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, सिंगरौली, सीधी और सतना।

 

 

 

 

 18 सितम्बर, 2009

लिखित एवं शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं मेडिकल टेस्ट

 19 सितम्बर, 2009

ग्रुप 'Y' के अभ्यर्थियों की लिखित एवं शारीरिक फिटनेस परीक्षा

 20 सितम्बर, 2009

ग्रुप 'Y' के 19 सितम्बर की परीक्षाओं में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं मेडिकल टेस्ट

 21 एवं 22 सितम्बर, 2009

आरक्षित दिवस

 

रविवार, सितंबर 13, 2009

मतगणना आज, नवागत कलेक्टर व एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया, मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान,बीडी,सिगरेट प्रतिबंधित

मतगणना आज, नवागत कलेक्टर व एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया, मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान,बीडी,सिगरेट प्रतिबंधित

भिण्ड 13 सितम्बर 2009

       भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गोहद विधानसभा उप निर्वाचन की मतगणना 14 सितम्बर को प्रात:8 बजे से कलेक्ट्रेट के रिकार्ड रूम कक्ष में प्रारंभ होगी। मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान, बीडी, सिगरेट, गुटका या अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा उप महानिरीक्षक चम्बल रेंज श्री आरबी शर्मा, नवागत कलेक्टर श्री सुहेल अली तथा पुलिस अधीक्षक श्री चंचल शेखर ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ लिया।

      कलेक्टर श्री अली  ने कहा कि मतगणना निर्धारित समय अनुसार प्रात:8 बजे से प्रारंभ होगी। प्रारंभ में ड़ाक मत पत्रों की गणना की जावेगी। ड़ाक मत 14 सितम्बर को प्रात:7 बजे तक प्राप्त किये जा सकते है। उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मतगणना कलेक्ट्रेट के प्रथम तल पर स्थित रिकार्ड रूम के हाल में की जावेगी। मतगणना हेतु 14 टेबिल लगाई जावेगी। इसके अलावा रिटर्निग आफीसर व सहायक रिटर्निग आफीसर की दो टेबिल और लगाई जावेगी। एक टेबिल पर तीन कर्मचारी मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा अतिरिक्त मतगणना अधिकारी नियुक्त किये जावेगें। मतगणना कार्य में 14 राउण्ड होगें तथा अंतिम 15 वें राउण्ड में 12 मशीनों पर गणना की जावेगी। उन्होंने बताया  कि स्ट्रांग प्रात: 7 बजे खोला जाएगा, उस समय उम्मीदवार अपने एजेन्ट को उपस्थित रह सकते है। 

      पुलिस अधीक्षक श्री शेखर ने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाईल, बीडी,सिगरेट, तम्बाकू, गुटका सभी प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के एजेन्ट को गेट क्रमांक 2 जिला पंजीयक कार्यालय के समीप वाले गेट से प्रवेश किय जावेगा।  शासकीय कर्मी व मीडिया प्रतिनिधि गेट क्रमांक एक से प्रवेश करेगें। एजेन्ट को 7 बजे से तथा शासकीय कर्मियों को 6 बजे से प्रवेश दिया जावेगा। उन्होने कहा कि सभा एजेन्ट निर्धारित स्थल पर ही वाहन पार्क करें तथा अपना परिचय पत्र उपर प्रदर्शित करें। सुरक्षा जांच में सहयोग कर व्यवस्था को बनाये रखे। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों के लिये बैठने की पृथक से व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों को भी कैमरा साथ लाने की अनुमति नही होगी लेकिन कब्हरेज की दृष्टि से मीडिया कर्मियों को मोबाईल साथ लाने की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा दी गई है।

 

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभार ग्रहण

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभार ग्रहण

भिण्ड 13 सितम्बर 2009

       भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य शासन द्वारा जारी किये गये आदेश के तहत कलेक्टर श्री सुहेल अली तथा पुलिस अधीक्षक श्री चंचल शेखर द्वारा आज अपने अपने कार्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है।

 

भ्रष्‍टाचार से निर्णायक युद्ध करेगी केन्‍द्र सरकार: सी.बी.आई. 71 नयी अदालतें खोलेगी., अनुच्छेद 311 में संशोधन किया जाएगा - वीरप्पा मोइली, विधि मंत्री.

भ्रष्‍टाचार से निर्णायक युद्ध करेगी केन्‍द्र सरकार: सी.बी.आई. 71 नयी अदालतें खोलेगी., अनुच्छेद 311 में संशोधन किया जाएगा - वीरप्पा मोइली, विधि मंत्री.

ग्राम न्यायालय अधिनियम 2008 पर अमल होगा

भ्रष्‍ट कर्मचारीयों की जायदाद कुर्क की जायेगी

भ्रष्‍टाचार निरोधक कानून का दायरा बढ़ेगा

निजी क्षेत्र भी आयेगा भ्रष्‍टाचार निरोधक ,एजेन्सियों के दायरे में

///

       सरकार ने भ्रष्टाचार मिटाने के लिए सभी से मिलकर काम करने को कहा है। भ्रष्टाचार की बुराई से लड़ने के बारे में दो दिन की विचार गोष्ठी के समापन सत्र में आज नई दिल्ली में केंद्रीय विधि मंत्री वीरप्पा मोइली ने कहा कि भले ही भ्रष्टाचार दूर करने के लिए कई उपाय किए जा चुके हैं, लेकिन और बहुत से सुधार किए जाने की जरूरत है। इनमें भ्रष्टाचार के रोकथाम के कानून का दायरा बढ़ाने, भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों की जायदाद कुर्क करने, भ्रष्टाचार की सूचना देने वालों को सुरक्षा प्रदान करने, झूठे दावों के बारे में कानून लागू करने और राष्ट्रीय स्तर पर बहुसदस्यीय लोकपाल व्यवस्था स्थापित करने जैसे उपाय शामिल हैं।

       श्री मोइली ने स्वीकार किया कि संविधान का अनुच्छेद-311 भ्रष्ट अधिकारियों को अदालत के कठघरे तक लाने में एक बाधा है। उन्होंने बताया कि ये मामला प्रधानमंत्री के साथ उठाया गया है और इस अनुच्छेद में संशोधन की बात रखी गई है। श्री मोइली ने यह भी बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों से निपटने के लिए सीबीआई की 71 नई अदालतें स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संपूर्ण न्यायिक सुधारों की रूप-रेखा नवंबर तक तैयार हो जाएगी। इसमें मुकदमों का जल्दी फैसला करने और पूरा न्याय करने की भावना पर बल दिया जाएगा। न्यायाधीशों के रिक्त पद भरने के अलावा मुकदमों का अदालतों के बाहर फैसला करने के विभिन्न तरीकों को भी बल दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि ग्राम न्यायालय अधिनियम-2008 इस साल गांधी जयंती से लागू कर लिया जाएगा ताकि गांवों के स्तर से ही वैकल्पिक न्यायिक प्रणाली को सुदृढ़ किया जा सके। अदालतों में लंबित पड़े मामलों की संख्या अगले दो साल में काफी कम करने का संकल्प व्यक्त करते हुए श्री मोइली ने बताया कि न्यायपालिका का दायित्व सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक न्यायाधीश जांच विधेयक संसद के शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। विधि मंत्री ने यह भी बताया कि संयुक्त राष्ट्र की एक संधि के अनुरूप निजी क्षेत्र को भी भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

       दो दिन की इस विचार गोष्ठी का आयोजन केंद्रीय जांच ब्यूरो तथा राष्ट्रीय अपराध तंत्र और अपराध विज्ञान संस्थान ने मिलकर किया था। इसमें भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए आधुनिक टैक्नॉलॉजी के इस्तेमाल सहित विभिन्न उपायों के बारे में विचार-विमर्श किया गया।

 

मतगणना 14 सितम्बर को , मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

मतगणना 14 सितम्बर को , मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान,बीडी,सिगरेट प्रतिबंधित रहेगा

भिण्ड 12 सितम्बर 2009

      भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गोहद विधानसभा उप निर्वाचन की मतगणना 14 सितम्बर को प्रात:8 बजे से कलेक्ट्रेट के रिकार्ड रूम कक्ष में प्रारंभ होगी। मतगणना में लगाये गये मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दिया गया। मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान, बीडी, सिगरेट, गुटका या अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना प्रतिबंधित होगा। बैठक में एडीएम श्री छोटेसिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल चांदिल, एसडीएम गोहद श्री माथुर, एसडीएम अटेर श्री अमरीश श्रीवास्तव सहित मतगणना कर्मी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण में बताया गया कि मतगणना निर्धारित समय अनुसार प्रात:8 बजे से प्रारंभ होगी। प्रारंभ में ड़ाक मत पत्रों की गणना की जावेगी। ड़ाक मत 14 सितम्बर को प्रात:7 बजे तक प्राप्त किये जा सकते है। मतगणना कलेक्ट्रेट के प्रथम तल पर स्थित रिकार्ड रूम के हाल में की जावेगी। मतगणना हेतु 14 टेबिल लगाई जावेगी। इसके अलावा रिटर्निग आफीसर व सहायक रिटर्निग आफीसर की दो टेबिल और लगाई जावेगी। एक टेबिल पर तीन कर्मचारी मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा अतिरिक्त मतगणना अधिकारी नियुक्त किये गये है। प्रत्येक टेबिल पर एक मतगणना एजेन्ट रहेगा। मतगणना कार्य में 14 राउण्ड होगें तथा अंतिम 15 वें राउण्ड में 12 मशीनों पर गणना की जावेगी।

 

शुक्रवार, सितंबर 11, 2009

गोहद विधानसभा क्षेत्र के लिये लगभग 55 प्रतिशत मतदान

गोहद विधानसभा क्षेत्र के लिये लगभग 55 प्रतिशत मतदान

भिण्ड 10 सितम्बर 2009

       पानी की फुहार के बीच गोहद विधानसभा क्षेत्र के लिए आज हुए मतदान में प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार लगभग 55 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया है। जिसमें 59 प्रतिशत पुरूष तथा 51 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मत डाले।

      कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री के.सी. जैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहद विधानसभा क्षेत्र की सभी 208 मतदान केन्द्रों पर मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सुबह हुई हल्की बूंदा बांदी के बीच मतदान धीमी गति से प्रारंभ हुआ लेकिन दोपहर 12 बजे तक मतदाताओं की लम्बी लम्बी कतारे पोलिंग बूथों पर नजर आ गई। प्रात:7 बजे मॉकपोल के बाद प्रारंभ हुए मतदान के प्रथम एक घण्टे में 9 प्रतिशत तथा 9 बजे तक 10 प्रतिशत मतदान मतदान रिकार्ड किया गया। इसके बाद धीरे धीरे मतदान की गति में तेजी आई  11 बजे तक 24 प्रतिशत तथा दोपहर 12 बजे तक 30 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा  मताधिकार का उपयोग कर लिया गया था। घर के कामकाज से निवृत होने के बाद महिलाओं की रूचि के परिणाम स्वरूप प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दोपहर एक बजे तक 44 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद 3 बजे तक 50 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग किया है। मतदान की समाप्ति 5 बजे तक 55 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा मताधिकार का उपयोग किया गया है।

 

बुधवार, सितंबर 09, 2009

शनि का ग्रह परिवर्तन, भावी परिवर्तन और उथल पुथल का तेज संकेत 9 सितम्‍बर को शनि का सिंह राशि से कन्‍या राशि में प्रवेश

शनि का ग्रह परिवर्तन, भावी परिवर्तन और उथल पुथल का तेज संकेत

9 सितम्‍बर को शनि का सिंह राशि से कन्‍या राशि में प्रवेश

नरेन्‍द्र सिंह तोमर ''आनन्‍द''

कर्क राशि के जातक पिछले सात आठ साल से झेल रहे शनि की साढ़े साती से 9 सितम्‍बर 09 को अंतत: मुक्‍त हो जायेंगें, तथा तुला राशि पर साढ़े साती चालू हो जायेगी । दरअसल सबसे धीमी चाल तेज तासीर और असर वाले शनिदेव 9 सितम्‍बर 2009 को राशि बदल कर सिंह राशि से कन्‍या राशि में प्रवेश करेंगे ।

शनिदेव की विशेषता है कि वे जिस राशि में होते हैं उससे एक राशि आगे और एक राशि पीछे तक अपना असर विस्‍तारित कर रखते हैं । शनिदेव यूं तो गणितीय तौर पर एक राशि पर सामान्‍यत: ढाई साल तक विद्यमान रह कर गोचर करते हैं , किन्‍तु व्‍यावहारिक रूप से ऐसा कम ही होता है, शनिदेव अपनी वक्री व अतिचारी चाल से चलते कई बार वर्तमान राशि से पीछे की राशि तक चले जाते हैं परिणाम स्‍वरूप कभी कभी एक ही राशि पर तीन से साढे तीन चार साल तक टिके रहते हैं । शनि की वक्री चाल अक्‍सर हर साल आती है शायद ही कुछ अपवाद स्‍वरूप एकाध साल होता है जब शनि देव वक्री गति से नहीं चलते फलस्‍वरूप कभी कभी जितना आगे जाते है, उससे कहीं अधिक पीछे चले जाते हैं ।

शनिदेव की साढ़े साती से अक्‍सर लोग भरी भयभीत व आतंकित रहते हैं लेकिन ऐसा नहीं है, कुछ लोग सबसे अधिक फायदा शनि की साढ़े साती में ही उठाते हैं । उदाहरण के तौर पर जब पिछली बार वृश्चिक और तुला पर साढ़े साती आयी थी तो रोमानिया नामक देश के अतुलनीय वैभव से युक्‍त सम्राट निकोलाई चाऊशेस्‍कू की सपरिवार सार्वजनिक दण्‍ड स्‍व्‍ारूप हत्‍या कर जनता ने उनके महल पर कब्‍जा कर लिया और उनके लगभग पौन सदी के राज्‍य का खात्‍मा कर दिया । रूस पर उसी समय समस्‍यायें टूटना शुरू हो गयीं । एन.टी.रामाराव जैसे नेता ने इन्‍हीं दिनों में काफी संकट झेले अंतत: उनका स्‍वर्गवास भी हो गया ।  

इसक बाद कुम्‍भ व मकर पर साढ़े साती लगते ही सोमालिया में हालात इतने बदतर हो गये कि भुखमरी में कई लोग अपने ही बच्‍चों को मार कर उनका मॉंस खने जैसी खबरों से लोगों के दिल हिल गये वहीं उसी दरम्‍यान इसी साढ़े साती के काल में ''सोवियत संघ'' जैसी विश्‍व महाशक्ति का विखण्‍डन होकर नक्‍शा ही मिट कर अस्तित्‍व समाप्‍त हो गया और एक चक्रवर्ती वैभवशाली साम्राज्‍य टुकड़ों में टूटकर तिनका तिनका बिखर कर एक कमजोर राष्‍ट्र मात्र बन कर रह गया ।

मीन राशि की साढ़ेसाती में कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह म.प्र. कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष बने और इसी साढ़े साती के दरम्‍यान ही वे म.प्र. के मुख्‍यमंत्री भी बने ।

मीन की साढ़े साती के साथ ही अगली राशि मंगल के स्‍वामित्‍वाधीन मेष पर साढ़े साती का चरण चालू होते ही देश में भरी राजनीतिक उथलपुथल हुयी । और मेष राशि की कई हस्तियां जहॉं अचानक धरती से उठकर आसमान चूम गयीं वहीं आसमान में व्‍याप्‍त कई सितारे धरती पर मुँह के बल आ गिरे और कई संकटो व जंजालों में फंस गये ।

मेष राशि के इन्‍द्र कुमार गुजराल प्रधनमंत्री बन गये, लालकृष्‍ण आडवाणी, अटल बिहारी, उमाभारती जैसे लोग इसी दरम्‍यान गर्दिशों से निकल कर चर्चाओं में आ गये । वही मेष की साढ़े साती में ही लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले में फंस गये और राजगद्दी से हाथ धो बैठे और कई संकटों में उलझ गये । मेष की साढ़े साती में ही अर्जुन सिंह पी.वी.नरसिंहाराव सरकार से इस्‍तीफा दे बैठे और कांग्रेस से भी बाहर हो गये , इसी साढ़े साती में चन्‍द्रबाबू नायडू भी मेष राशि के होकर मुख्‍यमंत्री बन गये, मेष की साढ़े साती में ही अटलबिहारी बाजपेयी प्रधानमंत्री बन गये, लालकृष्‍ण आडवाणी मंत्री और उपप्रधानमंत्री बन गये, उमाभारती केन्‍द्रीय मंत्री बन बैठीं ।

अटलबिहारी बाजपेयी के लिये वक्री शनि बहुत अच्‍छा फलप्रद रहता आया वहीं मार्गी शनि के समय वे सदा झंझटों में उलझे रहे । मेष की साढ़े साती समाप्‍त होने के साथ ही मेष राशि वाले भाजपा नेताओं की सत्‍ता छिन गयी वहीं मध्‍यप्रदेश में भी मेष की साढ़ेसाती काल में मुख्‍यमंत्री बनीं उमाभारती को भी नाटकीय ढंग से राजगद्दी से हाथ धोना पड़ा और अगली राशि वृष पर साढ़ेसाती के चलते बाबूलाल गौर म.प्र. के मुख्‍यमंत्री बन गये ।

मेष राशि की साढ़ेसाती काल में ही मेष राशि के राष्‍ट्रों में भी युद्ध छिडे अमरीका, ईराक, अफगानिस्‍तान और ओसामा बिन लादेन सभी मेष राशि के ही जातक हैं, इनका पूरा घटनाक्रम मेष राशि की साढ़ेसाती के दरम्‍यान ही घटित हुआ ।

शनि का वक्री होना म.प्र. के मुख्‍यमंत्री रह चुके बाबूलाल गौर को नही फला और उनका मुख्‍यमंत्री पद चला गया यदि वे किसी तरह शनि संतुष्टि का उपाय साध कर शनि के मार्गी होने तक टिके रहते तो उनका बाल बांका नहीं होता तथा वे मुख्‍यमंत्री बने रहते । तथा शिवराज सिंह को लघु कल्‍याणी ढैया का या उनकी जन्‍म राशि (ज्ञात नहीं) पर संभवत: साढ़ेसाती के कारण आया राजयोग बंध जाता यानि टल जाता ।

वर्तमान में चल रहा कर्क की साढ़ेसाती का दौर 9 सितम्‍बर को समाप्‍त होकर कई अच्‍छे परिवर्तन होने की उम्‍मीद है क्‍योंकि कर्क राशि का गहरा सम्‍बन्‍ध नक्षत्र सम्राट पुष्‍य नक्षत्र, विप्र वर्ण, देव योन से होकर स्‍वामी चन्‍द्रमा है । कर्क राशि के जातक देवता तुल्य मान्‍य किये गये हैं, संकट से दौर से गुजर रहे इस राशि के जातक अब भारी राहत महसूस करेंगें वहीं यदि साढ़े साती के कारण कर्क राशि के कुछ जातक जो अब तक मलाई मार रहे थे उन्‍हें अब अपना इन्‍तजाम कर लेना चाहिये ।

अब वर्तमान साढ़े साती शनि की दशा 10 सितम्‍बर 09 से तुला, सिंह व कन्‍या पर चलेगी जिसमें सिंह पर साढ़ेसाती का अंतिम चरण और, कन्‍या पर दूसरा चरण एवं तुला पर पहला चरण शुरू होगा ।

वर्तमान में भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राशि के हैं वे भी सिंह की राशि पर साढ़े साती आते ही प्रधानमंत्री सुख पा गये । लेकिन सिंह राशि का साढ़ेसाती का अंतिम चरण होने से अब उनका यह सुख लम्‍बे समय तक नहीं चलेगा । ज्योतिषीय हिसाब से किसी न किसी कारण से वक्री शनि आने पर (13 जनवरी 2010) मकर संक्रान्ति से मुसीबतों का दौर चालू होगा । और बाद में शनि के मार्गी होते ही मुसीबतें समाप्‍त भी हो जायेगा । लेकिन सिंह की साढे साती समाप्‍त होने के बाद वे प्रधानमंत्री नहीं रहेंगें , ज्‍योतिषीय तौर पर यह तय है । सिंह की साढ़े साती समाप्ति के साथ ही वृश्चिक राशि पर साढ़े साती शुरू हो जायेगी । तो यह तय है कि अगली सत्‍ता पर या राजगद्दियों पर तुला, वृश्चिक और कन्‍या राशि के लोग काबिज होंगे ।  

ग्वालियर के एफ.एम. स्टेशन 91.9 लेमन ने बनाया लिम्का बुक में रिकॉर्ड

ग्वालियर के एफ.एम. स्टेशन 91.9 लेमन ने बनाया लिम्का बुक में रिकॉर्ड

ग्वालियर: 7 सितम्बर 09,  हिम्मते मर्दा, मददे ख़ुदा। यदि इंसान ठान ले तो वह कुछ भी कर सकता है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है ग्वालियर के प्रसिध्द एफ. एम. सुनो लेमन 91.9 एफ एम रसीला। सुनो लेमन 91.9 एफ एम द्वारा अपनी दूसरी वर्षगांठ पर शुरू किया गया कैम्पेन बनेगा क्या? अब बनेगा क्या? ने होकर बन गया हो गया है।

31 अगस्त की मध्य रात्रि शुरू हुआ कैम्पेन बनेगा क्या ने 7 सितम्बर की मध्य रात्रि को अपना सफर पूरा किया। इस तरह लेमन 91.9 एफ एम ने अपना नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करवाया।

बनेगा क्या? की शुरूआत ग्वालियर के महापौर श्री विवेक शेजवलकर जी के कर कमलों से हुई। इससे पहले लेमन टीम द्वारा इस कैम्पने के पूरा होने के लिए सभी धर्म स्थलों पर जाकर बनेगा क्या? की सफलता के लिए कामना की गई।

1 से 7 सितम्बर तक सुनो लेमन 91.9 एफ एम द्वारा इस सफर में ग्वालियर के हर कोने को कवर किया गया। लश्कर, मुरार, हजीरा, ग्वालियर आदि सभी जगहों पर लेमन एफ एम की टीम गई। इस दौरान ग्वालियर के सभी लोगों की समस्याओं को मोबाइल स्टूडियो वैन में बैठे आर. जे. ने स्वयं देखा और लेमन एफ एम के जरिए इन समस्याओं को उठाया। इस दौरान बीजेपी की सांसद यशोधरा राजे सिंधिया, टांसपोर्ट कमिश्नर एन के त्रिपाठी, एस पी ए. साई. मनोहर, सैंटल जेल के जेलर हरेंद्र सिंह, आर. टी. ओ. अशोक सिंह राठौर, सभापति बिजेंद्र सिंह जादौन, मदाखलत अधिकारी दिग्विजय सिंह जादौन, रिटायर्ड ए डी एम एस डी शर्मा आदि ने शिरकत की।

                     वहीं दूसरी तरफ साधारण जनता को भी लेमन टीम द्वारा चलाए जा रहे अभियान बनेगा क्या? के जरिए अपनी आवाज़ उठाने का मौका मिला।

 

वहीं दूसरी और निम्न वर्ग के श्रोता जो सिर्फ सुना करते थे, परमानैंटली लेमन 91.9 एफ एम से जुड़ गए। ग्वालियर के श्रोताओं से रूबरू होकर एफ.एम. रेडियो की टीम द्वारा ग्वालियर की समस्याओं को जाना गया। हर कोई यह चाहता है कि ग्वालियर विकास करे। विकासशील शहर से विकसित शहर बनें।

आखिरी दिन लेमन रसीला की मोबाइल स्टूडियो वैन में यशोधरा राजे सिंधिया से रूचि और पिया ने बातचीत की।

 

बनेगा क्या ? कैम्पेन पूरा होने पर सुनो लेमन द्वारा बाड़े पर रंगारंग कार्यक्रम, लिम्का बुक ऑफ रिकार्डस में दर्ज

ग्वालियर: 7 सितम्‍बर 09,  सुनो लेमन 91.9 एफ एम द्वारा महाराज बाड़े पर किया गया कार्यक्रम ग्वालियर की जनता के लिए बहुत ही रॉकिंग रहा। मैड ओ वॉट बैंड की परफोरमैंस, रॉकिंग गानों पर थिरकते कदम इस बात को ब्यान कर रहे थे लेमन द्वारा शुरू किया गया कैम्पेन बनेगा क्या? में वाकई ग्वालियर की पूरी जनता ने आनन्द लिया। जैसे जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ता गया वैसे वैसे वहां उपस्थित लोगों में एनर्जी बढ़ती गई। हम्मा हम्मा, समर ऑफ69, यू हीं चला चल राही, दिल से, जय हो, रॉक ऑन मूवी का फेमस साँग मेरी लाँडी का एक बिल आदि गानों पर महाराज बाड़े पर उपस्थित ग्वायिलर की जनता को थिरकने पर मजबूर कर दिया। बीच बीच में आ रहे ब्रेक के दौरान आर जे वेद ने अपने हास्य अंदाज में विभिन्न कलाकारों जैसे नाना पाटेकर, सनी दयोल, धर्मेन्द्र, शत्रुघ्न सिन्हा, राखी आदि अनेक कलाकारों की मिमिक्री कर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इस कार्यक्रम के दौरान मुसाफिर रूद्र द्वारा अनेक सवाल भी पूछे गए और ढेर सारे प्राइज़ भी दिए गए। लेमन एफ एम द्वारा करवाए गए इस एफ एम में जनता के बीच से ही लोगों को चीफ गेस्ट बनाया गया।

                           ज्ञात रहे सुनो लेमन 91.9 एफ एम द्वारा 1 से 7 सितम्बर तक शुरू किया गया कैम्पेन बनेगा क्या? 7 तारीख को रात 12 बजे पूरा हो गया। इस दौरान लेमन एफ एम की टीम द्वारा पूरे ग्वालियर को कवर किया गया।

क्ार्यक्रम में लेमन टीम के सदस्य: स्टेशन डायरेक्टर: रूचि सिंह, दौलत सिंह चौहान, प्रोग्रामिंग मैनेजर: कैलाश शर्मा, मीडिया मैनेजर: सौरभ बवेजा, प्रोडक्शन हेड: संदीप राज शांडिल्य, सेल्स हेड: सुनील गोयल, मार्कीटिंग मैनेजर: प्रमोद जैन, दीपक जैन, इवेंट मैनेजर: रॉबिन सिंह उपस्थित थे।

लेमन एफ एम के आर. जें: आर जे रूचि, पिया, अरमान, रीचा, ध्रुव, सूरज, वेद ने मोबाइल स्टूडियो वैन से कार्यक्रम में हो रहे ताजा घटनाक्रम से लोगों को रूबरू करवाया।

 

काश्तकारों के जीवन में खुशहाली का ताना-बाना बुनते बलराम तालाब

काश्तकारों के जीवन में खुशहाली का ताना-बाना बुनते बलराम तालाब

- जे.पी. धौलपुरिया, उपसंचालक, जिला जनसंपर्क कार्यालय शहडोल म.प्र.

शहडोल 7 सितम्बर 2009. जब पैंतीस वर्षीय श्री रामनारायण कुशवाहा ने तमाम प्रयासों के बाद नौकरी नहीं मिलने पर दो वर्ष पूर्व शहडोल जिले के खेतौली गांव में अपने परिवार की पांच एकड़ जमीन के खेतों के बीच कृषि विभाग के अनुदान की सहायता से तालाब खुदवाने का फैसला किया, तो उन्हें जरा भी एहसास नहीं था कि वे बहुत जल्द लखपति बन जाएंगे । लेकिन बारवीं पास श्री रामनारायण की दो साल में उस तालाब ने तकदीर बदल दी ।

       रामनारायण ने जब भी खेतों से अपना भविष्य बनाने की कल्पना की, वह परवान नहीं चढ़ सकी । सिंचाई की कमी उनके मार्ग में बाधा थी । सिंचाई के लिए खेत पूरी तरह वर्षा पर निर्भर होने के कारण खेती की ओर बढ़ते उनके कदम हमेशा डगमगाने लगते थे । लेकिन कृषि विभाग द्वारा खेतों में ही तालाब निर्माण के प्रति जगाए अनुराग ने सिंचाई को लेकर उनके मन में उपजी निराशा को पलट दिया । कृषि विभाग ने सिंचाई के लिए उनके खेतों में तालाब की व्यवस्था करके क्रांति ला दी । श्री रामनारायण ने पांच एकड़ के अपने पारिवारिक खेतों के बीच कृषि विभाग के अनुदान की बदौलत एक तालाब खुदवाया, जिसे आज बलराम तालाब के नाम से जाना जाता है । इस तालाब के भरोसे रामनारायण ने खेतों में फसलें बो दीं । बरसात में गिरा पानी तालाब में जमा होने लगा और उससे खेतों की प्यास बुझने लगी । फसलें लहलहाने लगीं ।

       कभी फांकाकशी करने वाले रामनारायण को सरकारी मदद और उनकी मेहनत की बदौलत फर्श से अर्श तक पहुंचने में तुरंत सफलता हाथ लग गई । यही नहीं, खेतों से फसल निकालते ही वे लखपति बन गए । रामनारायण में इस काम को लेकर खासा उत्साह है । उन्होंने अपनी धान, गेंहू , तिल की फसलों की अप्रत्याशित बिक्री की और भारी कारोबार के जरिए उन्होंने खेतों में दूसरी फसलें भी लेना शुरू कर दिया । आज तालाब की सिंचाई से भरपूर फसलें लेने में आसपास के गांवों में रामनारायण एकदम जाना-पहचाना नाम है , जिसकी बदौलत उनके पास मकान व मोटर साइकिल है और अब टे्रक्टर खरीदने की सोच रहे हैं । उनका सालाना टर्नओवर तकरीबन 3 लाख रूपये का हो गया है । वे 90 क्विंटल अकेले धान का ही उत्पादन लेते हैं ।

       अनेक काश्तकार बलराम तालाब योजना की ओर आकर्षित हुए हैं । बलराम तालाब रामनारायण के पांच एकड़ खेतों की प्यास बुझाता है और साल में तीन फसलें होती हैं। रामनारायण डीजल पंप से अपने खेतों में सिंचाई करते हैं । खास बात यह है कि तालाब को नीचाई पर इस तरह बनाया गया है कि खेतों में दिया गया पानी अन्तत: बहकर वापस तालाब में ही जमा हो जाता है, जिससे तालाब खाली नहीं हो पाता । बलराम तालाब से पनपे खेतों से आज रामनारायण और उनके दो भाईयों यानि तीन परिवारों की बड़े मजे में आजीविका चल रही है । उनके बच्चे अच्छे स्कूलों में पढ़ रहे हैं और वे सब जीवन का हर सुख भोग रहे हैं। बलराम तालाब ने उनके जीवन में समृध्दि ला दी है ।

       बीते वक्त को याद करते हुए रामनारायण का कहना है, ''अगर आज तालाब नहीं होता, तो मैं फक्कड़ ही बना रहता । तालाब ने जीने का सहारा दिया है और आगे बढ़ने का हौसला बढ़ाया है । '' वे बताते हैं, '' खेती के दौरान मैं बस इसी बारे में सोचता था । और आज जब पीछे मुड़कर देखता हूँ, तो हैरान होता हूँ कि क्या यह सब मैंने किया है । ''

       शहडोल जिले में सरकारी तालाबों के निर्माण की छवियां बेशक सुखद हैं, जिन्होंने हमेशा के लिए तमाम काश्तकारों का जीवन बदल दिया । कुछ ही वर्षों में वे लाखों में खेलने लगे । शहडोल के उप संचालक कृषि श्री के. एस. टेकाम कहते हैं, '' इसे एक बदलाव वाला मोड़ कहा जा सकता है । असिंचित क्षेत्रों के काश्तकार अपने खेतों में बरसाती पानी के तालाबों से अपनी फसल बचा लेते हैं । गत तीन वर्षों में विभाग ने जिले में 583 तालाब बनवाए, जिनके लिए काश्तकारों को कुल 64.60 लाख रूपये की अनुदान राशि मुहैया कराई गई । अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति के काश्तकारों को एक लाख रूपये तक और सामान्य वर्ग के काश्तकारों को 80 हजार रूपये तक का अनुदान दिया जाता है ।''

सिंचाई के लिए एक कारगर साधन के रूप में काश्तकारों के लिए जीवनयापन के स्थायी और उन्नतशील मॉडल बलराम तालाब ने शहडोल जिले के तमाम काश्तकारों को आजीविका चलाने में मदद की है।