शुक्रवार, सितंबर 18, 2009

दुर्घटना में मृत मजदूर के परिजनों को मिलेगा एक लाख रूपये का मुआवजा

दुर्घटना में मृत मजदूर के परिजनों को मिलेगा एक लाख रूपये का मुआवजा (विश्वकर्मा जयन्ती – 17 सितम्बर)

श्रम राज्य मंत्री श्री करण सिंह वर्मा की घोषणा

 

Bhopal:Thursday, September 17, 2009

 

मध्यप्रदेश में अब दुर्घटना के कारण मरने वाले किसी भी क्षेत्र के मजदूर के परिजनों को एक लाख रूपये का मुआवजा दिया जाएगा। अभी तक केवल निर्माण श्रमिकों के परिजनों को ही दुर्घटना में मृत्यु होने पर एक लाख रूपये की सहायता राशि दी जाती है।

·                     दुर्घटना में मृत श्रमिकों के परिजनों को मिलेगा 1 लाख रूपये का मुआवजा

·                     अभी तक केवल निर्माण श्रमिकों के परिजनों को मिलती थी यह राशि

·                     श्रम मंत्री की श्रमिकों से अधिकाधिक पंजीयन की अपील

·                     पंजीयन से मिलता है कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

·                     श्रम मंत्री द्वारा कार्यक्रम में सहायता राशि के चेक वितरित

·                     सहायता प्रसूति, विवाह, मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत दी गई

श्रम एवं राजस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री करण सिंह वर्मा ने उक्त घोषणा आज यहां विश्वकर्मा जयंती पर श्रमिकों के लिए आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में दी। श्रम राज्य मंत्री ने इस अवसर पर श्रमिकों को प्रसूति सहायता योजना, विवाह सहायता योजना और मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त रूप से म.प्र. श्रम कल्याण मण्डल और मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया गया।

श्रम राज्य मंत्री श्री वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस तरह भगवान ब्रह्मा के पुत्र विश्वकर्मा ने सृष्टि, लंका नगरी, द्वारिका नगरी आदि की रचना की वैसे ही श्रमिक देश और प्रदेश के निर्माण का आधार हैं। श्री वर्मा ने श्रमिकों से अपील की कि वे हर हाल में अपना पंजीयन सुनिश्चित करायें ताकि उन्हें शासन द्वारा मजदूरों के लिए विवाह, शिक्षा, दुर्घटना, प्रसूति, उपचार आदि के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। श्री वर्मा ने मजदूरों से छोटा परिवार रखने की भी गुजारिश की ताकि वे अपने बच्चों की बेहरत परवरिश कर उन्हें खुशहाल नागरिक बना सकें। श्री वर्मा ने श्रम विभाग के अधिकारियों को गांव-गांव में शिविर लगाकर अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन करने के निर्देश दिए।

 

गुरुवार, सितंबर 17, 2009

स्कूलों में पितृ मोक्ष अमावस्या के अलावा दशहरा-दीपावली पर ग्यारह दिन अवकाश रहेगा, साल भर केअवकाश घोषित

स्कूलों में पितृ मोक्ष अमावस्या के अलावा दशहरा-दीपावली पर ग्यारह दिन अवकाश रहेगा

Bhopal:Wednesday, September 16, 2009

मध्यप्रदेश में राज्य सरकार की पहल पर इस साल सर्वपितृमोक्ष अमावस्या, दशहरा और दीपावली के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग के अधीनस्थ संस्थाओं में बारह दिन का अवकाश रहेगा। राज्य सरकार ने यह निर्णय चालू शिक्षा सत्र के अप्रैल माह से शुरू होने के एवज में किया है। इस वर्ष अप्रैल माह में सभी स्कूल प्रारंभ हो गये थे। ग्रीष्मावकाश के बाद पुन: एक जुलाई से स्कूल प्रारंभ हुए, तब से स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ाई जारी है। स्कूलों में अवकाश की घोषणा पूर्व में स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस भी कर चुकी है। शासन द्वारा इस संबंध में गत माह आदेश भी जारी किये जा चुके हैं।

शासन के आदेश के मुताबिक सर्वपितृमोक्ष अमावस्या पर 18 सितम्बर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही 26 सितम्बर से 30 सितम्बर तक पांच दिन का दशहरा अवकाश तथा 14 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक 6 दिन का दीपावली अवकाश भी घोषित किया गया है। सभी शासकीय स्कूलों में 25 दिसम्बर से 27 दिसम्बर तक तीन दिन का शीतकालीन अवकाश रहेगा।

इस प्रकार शिक्षकों के लिए एक मई 2010 से 23 जून 2010 तक 54 दिवसों का ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। वहीं एक मई 2010 से 30 जून 2010 तक का 61 दिवसों का ग्रीष्मकालीन अवकाश विद्यार्थियों के लिए रहेगा। पचमढ़ी में शिक्षकों का 48 दिवसीय ग्रीष्मकालीन अवकाश 9 जुलाई से 25 अगस्त तक रहेगा। विद्यार्थियों के लिए यह अवकाश एक जुलाई से 30 अगस्त तक का रहेगा, जिसकी अवधि 61 दिन की होगी।

उल्लेखनीय है कि चालू शिक्षा सत्र में इस साल अप्रेल से स्कूल प्रारंभ हो गये थे। बाद में ग्रीष्मावकाश के बाद जुलाई में पुन: स्कूल प्रारंभ हुए, जहां पहले दिन से ही पढ़ाई की विधिवत शुरूआत हो गई थी।

 

 

कब रहेगा अवकाश

 सर्वपितृमोक्ष अमावस्या

 18 सितम्बर 2009

 दशहरा अवकाश

 26 सितम्बर से 30 सितम्बर

 दीपावली अवकाश

 14 अक्टूबर से 19 अक्टूबर

 शीतकालीन अवकाश

 25 दिसम्बर से 27 दिसम्बर

 ग्रीष्मकालीन अवकाश

 1 मई 2010 से 23 जून 2010 (54 दिवस) शिक्षकों के लिए 1 मई से 30 जून तक (61 दिवस) विद्यार्थियों के लिए

 ग्रीष्मकालीन अवकाश(पमचढ़ी हेतु)

 9 जुलाई से 25 अगस्त (48 दिवस) शिक्षकों के लिए 1 जुलाई से 30 अगस्त (61 दिवस) विद्यार्थियों के लिए

 

बुधवार, सितंबर 16, 2009

ग्रामीण पेयजल आपूर्ति - सफलताएं और पहल

ग्रामीण पेयजल आपूर्ति - सफलताएं और पहल

भारत सरकार केन्द्र द्वारा प्रायोजित त्वरित ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रम के अंतर्गत सभी राज्यों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है, 01.04.2009 से इस कार्यक्रम का नाम अब राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम रखा गया है । इस कार्यक्रम में कई घटक हैं, जिनपर पहली अप्रैल 2009 से अमल शुरू किया जाएगा ।

भौतिक प्रगति

       भारत-निर्माण अवधि के दौरान जिन 55,067 बस्तियों को यह सुविधा मुहैया नहीं कराई जा सकी थीं और जो लगभग 3.31 लाख बस्तियां इससे से वंचित रह गयी थीं, उन्हें पेय जल सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी और 2.17 लाख बस्तियों की जल गुणवत्ता समस्या को दूर किया जाना है । 55,067 बस्तियों में से 54,430 बस्तियों में समस्या हल की जा सकी है । जहां पेय जल के टिकाऊ स्रोतों का अभाव है, वहां 2011 तक पेय जल सुविधा मुहैया कराने का प्रस्ताव है ।

वित्तीय प्रगति

       ग्रामीण जल आपूर्ति के लिए भारत निर्माण के अंतर्गत अनुमान लगाया गया है कि 4 वर्षों के दौरान 25,300 करोड़ रुपये केन्द्रीय सहायता की जरूरत पड़ेगी । वर्ष 2005-06 में 4098 करोड़ रुपये, 2006-07 में 4560 करोड़ रुपये और 2007-08 में 6441.69 करोड़ रुपये का उपयोग किया गया । वर्ष 2008-09 मे ग्रामीण पेयजल के लिए 7300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया । इसमें से 7276.29 करोड़ रुपये (99.68 प्रतिशत) का 31 मार्च, 2009 तक उपयोग कर लिया गया है । वर्ष 2009-10 के दौरान 2377.07 करोड़ रुपये की रकम जारी की गई थी, जबकि अप्रैल 2009 के दौरान बजट में 8000 करोड़ रुपये का आबंटन निर्धारित किया गया था ।

 

दक्षिण-पश्चिम मानसून की धीमी प्रगति के कारण पेयजल की आकस्मिक योजनाएं

योजना

       मानसून  में देरी को देखते हुए जून में ही राज्यों से कह दिया गया कि वे अपने-अपने राज्यों में पेयजल की स्थिति की समीक्षा कर लें । योजना में अल्पकालिक और दीर्घकालिक- दोनों ही प्रकार के उपायों को शामिल किया जाए । पानी की कमी वाले राज्यों का विवरण तथा पानी के लाने-लेजाने के ब्यौरे भी दिए जाएं जैसे यदि सड़क या रेलगाड़ी का इस्तेमाल किया जाता हो तो उसका भी ब्यौरा दें । विभाग ने राज्यों के ग्रामीण जल आपूर्ति के प्रभारी सचिवों की 1 जुलाई, 2009 को बैठक भी बुलाई, जिसमें स्थिति से निबटने के बारे में उनकी तैयारियों के संबंध मे विचार-विमर्श किया गया । क्षेत्रीय अधिकारियों को मनोनीत किया गया जो विशेष समस्याओं पर गौर करें । वे केन्द्रीय टीम के भाग के रूप मे राज्यों का दौरा भी कर रहे हैं । राज्यों से कहा गया है कि वे चलाई जा रही योजनाओं को जल्दी पूरा करने के बारे में आवश्यक कदम उठायें । जिसके परिणामस्वरूप लोगों को तत्काल राहत मिले । पीने के पानी, टैंकों और जलाशयों में इकट्ठा करके रखा जाए । नरेगा की पानी की अन्य योजनाओं में उपयोग किया जाए ।

       विभाग को स्थिति पर बारीकी से नजर रखनी चाहिए । भारत सरकार के स्तर पर ग्रामीण जल आपूर्ति के लिए 5 प्रतिशत वार्षिक आबंटन किया जाना चाहिए । इस धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रणाली की मरम्मत और रख-रखाव तथा अन्य आवश्यक कार्यों को पूरा किया जाना चाहिए । पेयजल कार्यक्रम के अमल के लिए नई नीति पर अमल किया जाना चाहिए । राष्ट्रीय ग्रामीण पेय जल कार्यक्रम (एनआरडीडब्ल्यूपी) का लक्ष्य है ग्रामीण क्षेत्र के हर व्यक्ति को पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू उपयोगों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराना । 1972 से चलाये जा रहे त्वरित ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रम पर अमल के साथ-साथ उनके लिए जल आपूर्ति प्रणाली की सक्षम व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए ।

 

ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रम की निगरानी

       ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रम के संबंध मे सभी तरह की जानकारी ऑन लाइन उपलब्ध है । इसके लिए इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम पर सार्वजनिक उपयोग की हर संभव सहायता उपलब्ध है ।

 

पेयजल कार्यक्रम को पंचायतों को सौंपने के मामले में प्रोत्साहन

       एनआरडीडब्ल्यूपी कार्यक्रम के तहत कोष आबंटन के लिए संशोधित तरीका लागू किया गया है और ग्रामीण जनसंख्या प्रबंधन तथा ग्रामीण पेयजल आपूर्ति कार्यक्रम जैसी स्कीमों के तहत जल आपूर्ति कार्यक्रमों को लागू रखने पर जोर दिया जाता है ।

 

       पानी की गुणवत्ता जांच के लिए तहसील (सब डिवीजन) स्तर पर सहयोग की व्यवस्था की जा रही है जहां भूमिगत जल की रासायिनक जांच कराई जाती है । जिन इलाकों मे पानी में शंखिया और पऊलोराइड आदि मिले रहते हैं, वहां के पानी की जांच करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है ताकि लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके ।

 

मंगलवार, सितंबर 15, 2009

एकता कपूर ने बालाजी टेलीफिल्‍म्‍स के नये प्रोजेक्‍ट के लिये नये चेहरे फेसबुक से चुने

एकता कपूर ने बालाजी टेलीफिल्‍म्‍स के नये प्रोजेक्‍ट के लिये नये चेहरे फेसबुक से चुने

ग्‍वालियर 15 सितम्‍बर 09 , फेसबुक पर नामी गिरामी हस्तियों में जहॉं वे पब्लिक से न केवल सीधे रूबरू होतीं हैं बल्कि कई राजनैतिक हस्तियॉ मसलन ग्‍वालियर सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, समाजवादी पार्टी की उ.प्र. की राजनेता मीरा शुक्‍ला सहित अनेक केन्‍द्रीय मंत्री व प्रदेश सरकारों के मंत्री लोगों से बाकायदा सलाह मशविरा और राय भी ग्रहण करते हैं तथा अपने द्वारा किये जा रहे या किये गये कार्यों से भी लोगों को अवगत कराते हैं इसके साथ ही उनसे सीधे बातचीत कर उनकी समस्‍याओं और परेशानीयों का भी निदान करते हैं ।

ग्‍वालियर सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया तो प्रतिदिन लगातार ही अनेक (हजारों) लोगों से फेसबुक पर सीधे रूबरू होकर वार्ता करतीं हैं ।

अन्‍य लोकप्रिय व म‍हत्‍वपूर्ण हस्तियों में कई शीर्ष फिल्‍म सितारे भी फेसबुक पर रोजाना अभिगमन करते हैं, जिसमें ऐश्‍वर्या रॉय, रिया, एकता कपूर (बालाजी टेली फिल्‍म्स), सहित अनेक शीर्ष अभिनेता भी यहॉं लोगों के सतत सम्‍पर्क में रहते हैं ।

आज प्रसिद्ध फिल्‍म अभिनेता जीतेन्‍द्र की पुत्री एकता कपूर ने अपनी घोषणा में कहा है कि फेसबुक पर अपने मित्रों व फैन्‍स में से ही उन्‍होंने अपने आगामी प्रोजेक्‍टस के लिये नये चेहरों को चुना है और शीघ्र ही इन चयनित लोगों को बालाजी टेलीफिल्‍म्‍स का आमंत्रण पत्र मिलने जा रहा है ।

एकता कपूर जी द्वारा की गयी घोषणा हम यहॉं नीचे यथावत दे रहे हैं । जो कि हमारी फेसबुक प्रोफाइल पर एकता जी की ओर से आयी है हम एकता जी को उनके आगामी नवीन प्रोजेक्‍टस की रिकार्ड सफलता के लिये ग्‍वालियर टाइम्‍स की टीम ओर से हार्दिक शुभकामनायें व बधाई देते हैं ।

 

We've selected new faces for our new project & I am very glad to tell that most of them are from my face book friends n fans. Now my company is going to contact these selected persons very soon on contact details provided by them. -  एकता कपूर   

वायुसेना के तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए रैली

वायुसेना के तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए रैली

 

Bhopal:Monday, September 14, 2009

 

भारतीय वायु सेना द्वारा रीवा में 17 सितम्बर से 22 सितम्बर 2009 तक भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती दो समूहों- ग्रुप 'X' और ग्रुप 'Y' के तहत की जाएगी। ग्रुप 'X' में तकनीकी ट्रेडों के लिए और ग्रुप 'Y' में ऑटो तकनीशियन, ग्राउण्ड ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर और भारतीय वायु सेना (पुलिस) पदों के लिए भर्ती की जाएगी। श्योपुर, मुरैना, भिण्ड,ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, सिंगरौली, सीधी एवं सतना के अविवाहित पुरुष इस भर्ती रैली में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक जुलाई, 1983 एवं 30 सितम्बर 1992 के मध्य होनी चाहिए।

रीवा के वायुसेना मैदान, चिरहुला में सुबह 7 बजे से आयोजित इस रैली में ग्रुप 'X' के तहत न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10 + 2 की परीक्षा पास उम्मीदवार शासन द्वारा मान्यता प्राप्त किसी पॉलिटेक्निक संस्था से इंजीनियरिंग जैसे कि मेकेनिकल इंजीनियरिंग रिंग, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कम्प्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेन्टेशन तक्नालॉजी या सूचना प्रौद्योगिकी में 3 साल का डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवार भाग ले सकेंगे। इसी तरह ग्रुप 'Y' के तहत 10+2 या समकक्ष व्यावसायिक परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होने आवश्यक हैं। भर्ती रैली के दौरान वायुसेना के अधिकारी, पायलट और नेवीगेटर पदों के लिए कोई भर्ती नहीं की जाएगी।

 

 

तिथि

गतिविधियां

पात्र जिले

 18 सितम्बर, 2009

लिखित परीक्षा एवं शारीरिक फिटनेस परीक्षा (पीएफटी) ग्रुप 'X' (तकनीकी) के लिए

श्योपुर, मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, सिंगरौली, सीधी और सतना।

 

 

 

 

 18 सितम्बर, 2009

लिखित एवं शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं मेडिकल टेस्ट

 19 सितम्बर, 2009

ग्रुप 'Y' के अभ्यर्थियों की लिखित एवं शारीरिक फिटनेस परीक्षा

 20 सितम्बर, 2009

ग्रुप 'Y' के 19 सितम्बर की परीक्षाओं में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं मेडिकल टेस्ट

 21 एवं 22 सितम्बर, 2009

आरक्षित दिवस

 

रविवार, सितंबर 13, 2009

मतगणना आज, नवागत कलेक्टर व एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया, मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान,बीडी,सिगरेट प्रतिबंधित

मतगणना आज, नवागत कलेक्टर व एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया, मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान,बीडी,सिगरेट प्रतिबंधित

भिण्ड 13 सितम्बर 2009

       भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गोहद विधानसभा उप निर्वाचन की मतगणना 14 सितम्बर को प्रात:8 बजे से कलेक्ट्रेट के रिकार्ड रूम कक्ष में प्रारंभ होगी। मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान, बीडी, सिगरेट, गुटका या अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा उप महानिरीक्षक चम्बल रेंज श्री आरबी शर्मा, नवागत कलेक्टर श्री सुहेल अली तथा पुलिस अधीक्षक श्री चंचल शेखर ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ लिया।

      कलेक्टर श्री अली  ने कहा कि मतगणना निर्धारित समय अनुसार प्रात:8 बजे से प्रारंभ होगी। प्रारंभ में ड़ाक मत पत्रों की गणना की जावेगी। ड़ाक मत 14 सितम्बर को प्रात:7 बजे तक प्राप्त किये जा सकते है। उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मतगणना कलेक्ट्रेट के प्रथम तल पर स्थित रिकार्ड रूम के हाल में की जावेगी। मतगणना हेतु 14 टेबिल लगाई जावेगी। इसके अलावा रिटर्निग आफीसर व सहायक रिटर्निग आफीसर की दो टेबिल और लगाई जावेगी। एक टेबिल पर तीन कर्मचारी मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा अतिरिक्त मतगणना अधिकारी नियुक्त किये जावेगें। मतगणना कार्य में 14 राउण्ड होगें तथा अंतिम 15 वें राउण्ड में 12 मशीनों पर गणना की जावेगी। उन्होंने बताया  कि स्ट्रांग प्रात: 7 बजे खोला जाएगा, उस समय उम्मीदवार अपने एजेन्ट को उपस्थित रह सकते है। 

      पुलिस अधीक्षक श्री शेखर ने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाईल, बीडी,सिगरेट, तम्बाकू, गुटका सभी प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के एजेन्ट को गेट क्रमांक 2 जिला पंजीयक कार्यालय के समीप वाले गेट से प्रवेश किय जावेगा।  शासकीय कर्मी व मीडिया प्रतिनिधि गेट क्रमांक एक से प्रवेश करेगें। एजेन्ट को 7 बजे से तथा शासकीय कर्मियों को 6 बजे से प्रवेश दिया जावेगा। उन्होने कहा कि सभा एजेन्ट निर्धारित स्थल पर ही वाहन पार्क करें तथा अपना परिचय पत्र उपर प्रदर्शित करें। सुरक्षा जांच में सहयोग कर व्यवस्था को बनाये रखे। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों के लिये बैठने की पृथक से व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों को भी कैमरा साथ लाने की अनुमति नही होगी लेकिन कब्हरेज की दृष्टि से मीडिया कर्मियों को मोबाईल साथ लाने की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा दी गई है।

 

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभार ग्रहण

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभार ग्रहण

भिण्ड 13 सितम्बर 2009

       भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य शासन द्वारा जारी किये गये आदेश के तहत कलेक्टर श्री सुहेल अली तथा पुलिस अधीक्षक श्री चंचल शेखर द्वारा आज अपने अपने कार्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है।

 

भ्रष्‍टाचार से निर्णायक युद्ध करेगी केन्‍द्र सरकार: सी.बी.आई. 71 नयी अदालतें खोलेगी., अनुच्छेद 311 में संशोधन किया जाएगा - वीरप्पा मोइली, विधि मंत्री.

भ्रष्‍टाचार से निर्णायक युद्ध करेगी केन्‍द्र सरकार: सी.बी.आई. 71 नयी अदालतें खोलेगी., अनुच्छेद 311 में संशोधन किया जाएगा - वीरप्पा मोइली, विधि मंत्री.

ग्राम न्यायालय अधिनियम 2008 पर अमल होगा

भ्रष्‍ट कर्मचारीयों की जायदाद कुर्क की जायेगी

भ्रष्‍टाचार निरोधक कानून का दायरा बढ़ेगा

निजी क्षेत्र भी आयेगा भ्रष्‍टाचार निरोधक ,एजेन्सियों के दायरे में

///

       सरकार ने भ्रष्टाचार मिटाने के लिए सभी से मिलकर काम करने को कहा है। भ्रष्टाचार की बुराई से लड़ने के बारे में दो दिन की विचार गोष्ठी के समापन सत्र में आज नई दिल्ली में केंद्रीय विधि मंत्री वीरप्पा मोइली ने कहा कि भले ही भ्रष्टाचार दूर करने के लिए कई उपाय किए जा चुके हैं, लेकिन और बहुत से सुधार किए जाने की जरूरत है। इनमें भ्रष्टाचार के रोकथाम के कानून का दायरा बढ़ाने, भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों की जायदाद कुर्क करने, भ्रष्टाचार की सूचना देने वालों को सुरक्षा प्रदान करने, झूठे दावों के बारे में कानून लागू करने और राष्ट्रीय स्तर पर बहुसदस्यीय लोकपाल व्यवस्था स्थापित करने जैसे उपाय शामिल हैं।

       श्री मोइली ने स्वीकार किया कि संविधान का अनुच्छेद-311 भ्रष्ट अधिकारियों को अदालत के कठघरे तक लाने में एक बाधा है। उन्होंने बताया कि ये मामला प्रधानमंत्री के साथ उठाया गया है और इस अनुच्छेद में संशोधन की बात रखी गई है। श्री मोइली ने यह भी बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों से निपटने के लिए सीबीआई की 71 नई अदालतें स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संपूर्ण न्यायिक सुधारों की रूप-रेखा नवंबर तक तैयार हो जाएगी। इसमें मुकदमों का जल्दी फैसला करने और पूरा न्याय करने की भावना पर बल दिया जाएगा। न्यायाधीशों के रिक्त पद भरने के अलावा मुकदमों का अदालतों के बाहर फैसला करने के विभिन्न तरीकों को भी बल दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि ग्राम न्यायालय अधिनियम-2008 इस साल गांधी जयंती से लागू कर लिया जाएगा ताकि गांवों के स्तर से ही वैकल्पिक न्यायिक प्रणाली को सुदृढ़ किया जा सके। अदालतों में लंबित पड़े मामलों की संख्या अगले दो साल में काफी कम करने का संकल्प व्यक्त करते हुए श्री मोइली ने बताया कि न्यायपालिका का दायित्व सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक न्यायाधीश जांच विधेयक संसद के शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। विधि मंत्री ने यह भी बताया कि संयुक्त राष्ट्र की एक संधि के अनुरूप निजी क्षेत्र को भी भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

       दो दिन की इस विचार गोष्ठी का आयोजन केंद्रीय जांच ब्यूरो तथा राष्ट्रीय अपराध तंत्र और अपराध विज्ञान संस्थान ने मिलकर किया था। इसमें भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए आधुनिक टैक्नॉलॉजी के इस्तेमाल सहित विभिन्न उपायों के बारे में विचार-विमर्श किया गया।

 

मतगणना 14 सितम्बर को , मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

मतगणना 14 सितम्बर को , मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान,बीडी,सिगरेट प्रतिबंधित रहेगा

भिण्ड 12 सितम्बर 2009

      भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गोहद विधानसभा उप निर्वाचन की मतगणना 14 सितम्बर को प्रात:8 बजे से कलेक्ट्रेट के रिकार्ड रूम कक्ष में प्रारंभ होगी। मतगणना में लगाये गये मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दिया गया। मतगणना स्थल पर मोबाईल, पान, बीडी, सिगरेट, गुटका या अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना प्रतिबंधित होगा। बैठक में एडीएम श्री छोटेसिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल चांदिल, एसडीएम गोहद श्री माथुर, एसडीएम अटेर श्री अमरीश श्रीवास्तव सहित मतगणना कर्मी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण में बताया गया कि मतगणना निर्धारित समय अनुसार प्रात:8 बजे से प्रारंभ होगी। प्रारंभ में ड़ाक मत पत्रों की गणना की जावेगी। ड़ाक मत 14 सितम्बर को प्रात:7 बजे तक प्राप्त किये जा सकते है। मतगणना कलेक्ट्रेट के प्रथम तल पर स्थित रिकार्ड रूम के हाल में की जावेगी। मतगणना हेतु 14 टेबिल लगाई जावेगी। इसके अलावा रिटर्निग आफीसर व सहायक रिटर्निग आफीसर की दो टेबिल और लगाई जावेगी। एक टेबिल पर तीन कर्मचारी मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा अतिरिक्त मतगणना अधिकारी नियुक्त किये गये है। प्रत्येक टेबिल पर एक मतगणना एजेन्ट रहेगा। मतगणना कार्य में 14 राउण्ड होगें तथा अंतिम 15 वें राउण्ड में 12 मशीनों पर गणना की जावेगी।