मंगलवार, मई 12, 2009

नीतिश राजग के अभिन्‍न अंग, बनेगी भाजपा नीत राजग की सरकार- राजनाथ सिंह, दतिया पहुंचने पर हादिक स्वागत, पीताम्‍बरा पीठ पर बगुलामुखी की पूजा अर्चन की

राजनाथ सिंह का दतिया पहुंचने पर नरेन्द्र सिंह तोमर ने हादिक स्वागत किया

भोपाल 12 मई, 09 । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह 12 मई को दोपहर दिल्ली से विमान से झांसी पहुंचे और बाद में कार से दतिया पधारे । श्री सिंह के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ सांसद थावरचन्द गेहलोत भी थे । भाजपा के मध्‍यप्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर और प्रदेश उपाध्यक्ष माया सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट किया और अगवानी की। दतिया के पार्टी जिलाध्यक्ष गुरूदेव गुप्ता, सावित्री सिंह, प्रदीप अग्रवाल, आशाराम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का स्वागत किया।

बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव पीतांबरापीठ के दर्शन के लिये पहुंचे और पूजा अर्चना की। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर और प्रदेश उपाध्यक्ष माया सिंह भी थी। अल्प विश्राम के पश्‍चात श्री सिंह कार से झांसी रवाना हुए जहां विमान से दिल्ली के लिये रवाना हो गये।

पूर्व में दतिया में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पूर्ण आत्मविश्‍वास के साथ कहा कि 16 मई को मतगणना के साथ भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी और केन्द्र में लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। एक प्रश्‍न के उत्तर में उन्होंने कहा कि जनता दल यू के शीर्ष नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने एनडीए के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी लालकृष्ण आडवाणी का पुरजोर समर्थन किया है। नीतिश कुमार ने लुधियाना में एनडीए की महारैली में भाग लेकर यूपीए द्वारा किये जा रहे कुप्रचार की हवा निकाल दी है। नीतिश कुमार एनडीए के स्तंभ थे और बने रहेंगे। उन्होंने अपने और जेटली के बीच मतभेद की खबर को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव में परिणाम भारतीय जनता पार्टी की आशा के अनुकूल ही रहेंगे।

रविवार, मई 10, 2009

बोनी से पूर्व बीजोपचार से मिलती है अच्छी पैदावार

बोनी से पूर्व बीजोपचार से मिलती है अच्छी पैदावार

By: Zonal Public Relations Office- Gwalior- Chambal Zone

ग्वालियर 10 मई 09। अच्छी पैदावार प्राप्त करने के लिए फसलों के बीज निरोगी होना आवश्यक है। इसलिए कृषि विशेषज्ञों द्वारा बोनी से पूर्व बीजोपचार की सलाह दी जाती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार कई प्रकार के रोग बीजों के द्वारा फैलते हैं। मसलन पौध गलन, पत्तों पर धब्बा रोग व बीज सड़न जैसे रोगों से फसलों को बहुत नुकसान पहुंचता है। इनसे बचने के लिए बीजोपचार(सीड ट्रीटमेण्ट) की सलाह किसानों को दी जाती है।

       बीजारूढ़ रोग कारकों के उन्मूलन के दो प्रमुख उपाय हैं। बीज के साथ मिले रोगजनक अंशों को अलग करना और फफूंद नाशक दवाओं से बीजों का उपचार। बीज से रोगजनक अंश दूर करने के लिए नमक के 20 प्रतिशत घोल (20 किलो नमक 100 लिटर पानी) में बीज को डुबोयें। रोगजनक अंश जो बीज के साथ मिले रहते हैं वे बीज से हल्के होते हैं। ये सभी पानी में उतर आते हैं और हल्के व खराब बीज पानी में तैरने लगते हैं। सावधानी पूर्वक पानी को निथारकर रोग जनक अंशों एवं हल्के खराब बीजों को अलग कर लेना चाहिए। तलहटी मे बैठे स्वस्थ्य-भारी बीजों को तीन से चार बार पानी में धोकर सुखा लें और फिर फफूंद नाशक दवा से बीजोपचार करना चाहिये।

       बीजोपचार के लिए दो प्रकार की फफूंद नाशक दवायें काम में लाई जाती हैं। अदैहिक फफूंद नाशक दवाओं के उपचार से बीज की बाहरी (ऊपरी) सतह पर मौजूद रोग नष्ट हो जाते हैं। प्रमुख अदैहिक फफूंद नाशक दवाओं में थायरम, केप्टान, डायफोलटन, पारा,युक्त दवायें(सेरेसान एगोलाल, जी.एन.), जिनेब(डायथेन एम-45) आदि।

       दैहिक फफूंद नाशक दवाओं के उपचार से बीज के भीतर रहने वाले रोग नष्ट किये जाते हैं। विटोवेक्स, बेवेस्टीन, बेनलेट, ट्रायकोडर्मा व बिरड़ी आदि प्रमुख दैहिक फफूंद नाशक दवायें हैं।

       बीजोपचार की विधि: बीजोपचार के लिए एक यंत्र , बीज समिश्रण यंत्र(सीड ट्रीटिंग ड्रम) का उपयोग किया जाता हैं। इस ड्रम में जितने बीज को उपचारित करना हो, उसके लिए आवश्यक दवा की मात्रा बीज के साथ ड्रम में डाल दें और उसके मुंह को अच्छी तरह बंद कर दें। 10 से 15 मिनट तक ड्रम को घुमायें। इससे बीज पर दवा की हलकी परत चढ़ जायेगी और इस प्रकार उपचारित बीज की बोनी की जा सकती है। यदि बीज समिश्रण यंत्र उपलब्ध न हो तो मिट्टी के एक घड़े में बीज एवं उतनी मात्रा के लिए आवश्यक दवा डाल दें। घड़े के मुंह को मोटे कागज की सहायता से बंद कर दें। फिर घड़े को 15 मिनिट तक अच्छी तरह हिलायें, जिससे बीज पर दवा की परत चढ़ जाये।

       रबी की फसलों मसलन गेहूं, चना,मटर, अलसी, मसूर, सूरजमुखी, एवं अन्य सभी सागभाजी को पौध गलन रोग से बचाने के लिए डायथेन एम-45 थायरम,डायफेलेटान,वेविस्टन,वेनलेट ट्रायकोडर्मा बिरड़ी आदि मे से कोई भी दवा प्रति किलोग्राम बीज मे 3 ग्राम के हिसाब से प्रयुक्त की जानी चाहिये।

       शुल्क बीजोपचार के अलावा बीजोपचार के लिए पानी में घुलनशील फफूंद नाशक दवाओं का भी उपयोग किया जाता है। इस विधि के लिए किसी मिट्टी अथवा प्लास्टिक के बर्तन में आवश्यक मात्रा में पानी एवं दवा लेकर घोल बना लें। इस घोल में लगभग 10 मिनिट तक बीज डुबोकर रखें। बाद में बीज निकाल कर बोनी करें। यह विधि खासकर आलू एवं गन्ने के बीजोपचार के लिए उपयोगी है।

साबधानियाँ- बीजोपचार करते समय हाथों में रबर के दस्ताने पहनने चाहिए, साथ ही हाथों-पावों में चोट आदि न हो। उपचारित बीज को किसी गीली जगह पर न रखें। जितनी आवश्यकता हो उतने ही बीज की मात्रा उपचारित करें। उपचारित बीज को घरेलू उपयोग में न लें। दवा खरीदते समय बनने एवं समाप्ति की तिथि अवश्य देंखें। बीजोपचार बंद कमरे में न करें व उपचारित बीज का भण्डारण न करें। बीजोपचार के पश्चात हाथ, पैर व मुख को साबुन से दो तीन बार अच्छी तरह धो लें।

 

जैविक खेती – जैविक खाद निर्माण विधियां

जैविक खेती – जैविक खाद निर्माण विधियां

द्वितीय किश्‍त

Article Presented By: Zonal Public Relations Office – Gwalior Chambal Zone

जैविक खेती जीवों के सहयोग से की जाने वाली खेती के तरीके को कहते हैं। प्रकृति ने स्वयं संचालन के लिये जीवों का विकास किया है जो प्रकृति को पुन: ऊर्जा प्रदान करने वाले जैव संयंत्र भी हैं । यही जैविक व्यवस्था खेतों में कार्य करती है । खेतों में रसायन डालने से ये जैविक व्यवस्था नष्ट होने को है तथा भूमि और जल-प्रदूषण बढ़ रहा है। खेतों में हमें उपलब्ध जैविक साधनों की मदद से खाद, कीटनाशक दवाई, चूहा नियंत्रण हेतु दवा बगैरह बनाकर उनका उपयोग करना होगा । इन तरीकों के उपयोग से हमें पैदावार भी अधिक मिलेगी एवं अनाज, फल सब्जियां भी विषमुक्त एवं उत्तम होंगी । प्रकृति की सूक्ष्म जीवाणुओं एवं जीवों का तंत्र पुन: हमारी खेती में सहयोगी कार्य कर सकेगा ।

 

जैविक खाद बनाने की विधि 

अब हम खेती में इन सूक्ष्म जीवाणुओं का सहयोग लेकर खाद बनाने एवं तत्वों की पूर्ति हेतु मदद लेंगे । खेतों में रसायनों से ये सूक्ष्म जीव क्षतिग्रस्त हुये हैं, अत: प्रत्येक फसल में हमें इनके कल्चर का उपयोग करना पड़ेगा, जिससे फसलों को पोषण तत्व उपलब्ध हो सकें ।

       दलहनी फसलों में प्रति एकड़ 4 से 5 पैकेट राइजोबियम कल्चर डालना पड़ेगा । एक दलीय फसलों में एजेक्टोबेक्टर कल्चर इनती ही मात्रा में डालें । साथ ही भूमि में जो फास्फोरस है, उसे घोलने हेतु पी.एस.पी. कल्चर 5 पैकेट प्रति एकड़ डालना होगा ।

       खाद बनाने के लिये कुछ तरीके नीचे दिये जा रहे हैं, इन विधियों से खाद बनाकर खेतों में डालें । इस खाद से मिट्टी की रचना में सुधार होगा, सूक्ष्म जीवाणुओं की संख्या भी बढ़ेगी एवं हवा का संचार बढ़ेगा, पानी सोखने एवं धारण करने की क्षमता में भी वृध्दि होगी और फसल का उत्पादन भी बढ़ेगा । फसलों एवं झाड पेड़ों के अवशेषों में वे सभी तत्व होते हैं, जिसकी उन्हें आवश्यकता होती है :-

नाडेप विधि

       नाडेप का आकार :- लम्बाई 12 फीट     चौड़ाई 5 फीट    उंचाई 3 फीट आकार का गड्डा कर लें। भरने हेतु सामग्री :-  75 प्रतिशत वनस्पति के सूखे अवशेष, 20 प्रतिशत हरी घास, गाजर घास, पुवाल, 5 प्रतिशत गोबर, 2000 लिटर पानी ।

       सभी प्रकार का कचरा छोटे-छोटे टुकड़ों में हो । गोबर को पानी से घोलकर कचरे को खूब भिगो दें । फावडे से मिलाकर गड्ड-मड्ड कर दें ।

       विधि नंबर -1 - नाडेप में कचरा 4 अंगुल भरें । इस पर मिट्टी 2 अंगुल डालें । मिट्टी को भी पानी से भिगो दें । जब पुरा नाडेप भर जाये तो उसे ढ़ालू बनाकर इस पर 4 अंगुल मोटी मिट्टी से ढ़ांप दें ।

       विधि नंबर-2- कचरे के ऊपर 12 से 15 किलो रॉक फास्फेट की परत बिछाकर पानी से भिंगो दें । इसके ऊपर 1 अंगुल मोटी मिट्टी बिछाकर पानी डालें । गङ्ढा पूरा भर जाने पर 4 अंगुल मोटी मिट्टी से ढांप दें ।

       विधि नंबर-3- कचरे की परत के ऊपर 2 अंगुल मोटी नीम की पत्ती हर परत पर बिछायें। इस खाद नाडेप कम्पोस्ट में 60 दिन बाद सब्बल से डेढ़-डेढ़ फुट पर छेद कर 15 टीन पानी में 5 पैकेट पी.एस.बी एवं 5 पैकेट एजेक्टोबेक्टर कल्चर को घोलकर छेदों में भर दें । इन छेदों को मिट्टी से बंद कर दें ।

केंचुआ खाद

       छायादार स्थान में 10 फीट लम्बा, 3 फीट चौड़ा, 12 इंज गहरा पक्का ईंट सीमेन्ट का ढांचा बनायें । जमीन से 12 इंच ऊंचे चबूतरे पर यह निर्माण करें । इस ढांचे में आधी या पूरी पची (पकी) गोबर कचरे की खाद बिछा दें । इसमें 1न्1न्1 फीट में 100 केंचुऐ डालें । इसके ऊपर जूट के बोरे डालकर प्रतिदिन सुबह, शाम पानी डालते रहें । इसमें 60 प्रतिशत से ज्यादा नमी ना रहे दो माह बाद यह खाद बन जायेगी । जिसका 15 से 20 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से इस खाद का उपयोग करें।

बीजोपचार

1.     प्रति एकड़ बीज हेतु 3 से 5 लीटर देशी गाय का खट्टा मठ्ठा लें । इसमें प्रति लीटर 3 चने के आकार के बराबर हींग पीस कर घोल दें । इसे बीजों पर डालकर भिगों दें तथा 2 घंटे रखा रहने दें । उसके बाद बोयें । इससे उगरा नियंत्रित होगा ।

2.    3 से 5 लीटर गौ मूत्र में बीज भिगोकर 2 से 3 घंटे रखकर वो दें । उगरा नहीं लगेगा । दीमक से भी पौधा सुरक्षित रहेगा।

मटका खाद

      गौ मूत्र 10 लीटर, गोबर 10 किलो, गुड 500 ग्राम, बेसन 500 ग्राम- सभी को मिलाकर मटके में भकर 10 दिन सड़ायें फिर 200 लीटर पानी में घोलकर गीली जमीन पर कतारों के बीच छिटक दें । 15 दिन बाद पुन: इस का छिड़काव करें।

कीट नियंत्रण

1.     देशी गाय का मट्ठा 5 लीटर लें । इसमें 3 किलो नीम की पत्ती या 2 किलो नीम खली डालकर 40 दिन तक सड़ायें फिर 5 लीटर मात्रा को 150 से 200 लिटर पानी में मिलाकर छिड़कने से एक एकड़ फसल पर इल्ली /रस चूसने वाले कीड़े नियंत्रित होंगे ।

2.    लहसुन 500 ग्राम, हरी मिर्च तीखी चिटपिटी 500 ग्राम लेकर बारीक पीसकर 150 लीटर पानी में घोलकर कीट नियंत्रण हेतु छिड़कें ।

3.    10 लीटर गौ मूत्र में 2 किलो अकौआ के पत्ते डालकर 10 से 15 दिन सड़ाकर, इस मूत्र को आधा शेष बचने तक उबालें फिर इसके 1 लीटर मिश्रण को 150 लीटर पानी में मिलाकर रसचूसक कीट /इल्ली नियंत्रण हेतु छिटकें।

इन दवाओं का असर केवल 5 से 7 दिन तक रहता है । अत: एक बार और छिड़कें जिससे कीटों की दूसरी पीढ़ी भी नष्ट हो सके।

बेशरम के पत्ते 3 किलो एवं  धतूरे के तीन फल फोड़कर 3 लिटर पानी में उबालें । आधा पानी शेष बचने पर इसे छान लें । इस छने काढ़े में 500 ग्राम चने डालकर उबालें। ये चने चूहों के बिलों के पास शाम के समय डाल दें। इससे चूहों से निजात मिल सकेगी।

 

शुक्रवार, मई 08, 2009

तोमर राजवंश : ग्वालियर साम्राज्य स्थापना के 600 वर्ष पूर्ण

तोमर राजवंश : ग्वालियर साम्राज्य स्थापना के 600 वर्ष पूर्ण

प्रस्तुति : नरेन्द्र सिंह तोमर ''आनन्द''

 

(समस्त तथ्य व आंकड़े मय तिथियां तोमर राजवंश की वंशावली से लिये व उध्दृत किये गये हैं )

 

·                    सन् 1409 में महाराजा देववरम ने की ग्वालियर पर तोमर राज्य की स्थापना

·                    महाराजा देववरम थे तोमर राजवंश के ग्वालियर साम्राज्य के प्रथम महाराजा

विशेष :- लेखक महाराजा देववरम का वंशज है और वंश का उत्तराधिकारी है !

 

दिल्ली की स्थापना करने वाले महा प्रतापी तोमर राजवंश से भला कौन अपरिचित होगा, महाभारत जैसा महासंग्राम लड़ने और फिर विजय श्री का वरण करने वाले पाण्डवों की वीरता और न्यायप्रियता से भला कौन अनभिज्ञ होगा !

महाभारत संग्राम में अदभुत वीरता का परिचय देने वाले भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य मित्र व कृपाप्राप्त पाण्डवों और महायोध्दा अर्जुन के नाम से शायद ही कोई हो जो अज्ञान हो !

अर्जुन तथा उनकी पत्नी व प्रिया सुभद्रा के पुत्र अभिमन्यु , इससे आगे जाकर अभिमन्यु व उत्तरा के पुत्र महाराजा परीक्षत , महाराजा परीक्षत के पुत्र जन्मेजय तथा जन्मेजय का सर्प यज्ञ विश्वविख्यात ही है ! पाण्डवों द्वारा स्थापित खण्डव वन को भस्म कर इन्द्रप्रस्थ के नाम से अदभुत महल व नगर ही असल में दिल्ली की प्रथम स्थापना है, उसके पश्चात महाराजा जन्मेजय के वंशप्रवाह में ही इसे इसी तोमर राजवंश ने डिल्ली यानि अपभ्रश नाम से दिल्ली का स्थापन किया और हस्तिनापुर की राजधानी के तौर पर संचालित किया !

यद्यपि महाराजा परीक्षत से लेकर महाराजा अनंगपाल सिंह तोमर तक कई पीढ़ियां वंशावली के तहत बदलीं हैं और दिल्ली साम्राज्य के उत्तराधिकारी के तौर पर महाराजा अनंगपाल सिंह तोमर (तोमर राजवंश के दिल्ली साम्राज्य के अंतिम महाराजा तथा भारत के अंतिम हिन्दू साम्राज्य का अंतिम राजवंश तोमर राजवंश है )

महाराजा अनंगपाल सिंह तोमर के कोई पुत्र नहीं था , एक पुत्र था जिसे राजनीतिक षडयंत्र के तहत चुपके से जन्म होते ही बाहर भिजवा दिया और महाराज एवं महारानी को मृत पुत्र उत्पन्न होने की सूचना दी गयी (वंशवली के मुताबिक यही पुत्र महाप्रतापी सम्राट मोम्मद गौरी के नाम से विख्यात हुआ और बदला लेने के लिये दिल्ली पर हमला किया) महाराजा अनंगपाल सिंह तोमर की पुत्री से उत्पन्न महाप्रतापी पुत्र पृथ्वीराज सिंह चौहान रिश्ते में महाराज अनंगपाल सिंह का दौहित्र (धेवता) था !

महाराज अनंगपाल सिंह को महर्ष्ाियों व तपस्वीयों द्वारा आज्ञा देकर संतान प्राप्ति के लिये तीर्थस्थान में जाकर पुत्र यज्ञ व तपस्या का निर्देश दिया गया ! महाराज अनंगपाल इस पुत्र यज्ञ के लिये तीर्थ की ओर रवाना होने से पहले दिल्ली साम्राज्य की बागडोर (केवल कुछ समय के लिये) अपने एकमात्र रिश्तेदार व दौहित्र पृथ्वीराज सिंह चौहान को सौंप गये !

यज्ञ व तपस्या उपरान्त महाराजा अनंगपाल सिंह तोमर के एक पुत्र हुआ जिसका नाम सोनपाल (इतिहासकारों ने इसका नाम तोलपाल या तोनपाल लिखा है तो कि गलत है वंशावली के मुताबिक इसका नाम सोनपाल है ) हुआ !

राजकुमार सोनपाल के साथ महाराज अनंगपाल सिंह तोमर वापस दिल्ली आये और पृथ्वीराज सिंह चौहान से अपना साम्राज्य वापस उन्हें सौंपने की आज्ञा दी ! पृथ्वीराज ने अपने नाना का उपहास उड़ाते हुये कहा कि ''नाना राज्य तो युध्द करके पाये जाते हैं यदि राज्य चाहिये तो युध्द करो और अपने राज्य को मुझसे जीत लो '' महाराजा अनंगपाल सिंह अपने दौहित्र पृथ्वीराज के उत्तर से असमंजस में पड़ गये !

महाराज अनंगपाल सिंह ने गंभीर विचार विमर्श किया और सोचा कि अगर अपने ही दौहित्र से मैं युध्द करूंगा और मैं युध्द जीत गया एवं किसी तरह मेरे ही हाथों मेरा दौहित्र मारा गया या पराजित हुआ (तोमर राजवंश में बहिन बेटी भानजा दौहित्र पूज्य व सम्माननीय होते हैं) या मेरा दौहित्र युध्द में पराजित हुआ तो वंश कलंक स्थापित हो जायेगा और यदि मैं इससे युध्द हार गया यानि मुझे युध्द में इसके हाथों यदि पराजय मिली तो पूर्वज पाण्डवों द्वारा विजित महासंग्राम महाभारत और उसकें पश्चात निरंतर विजय प्राप्त करने तथा अखण्ड प्रतापी साम्राज्य परम्परा को कलंक लगेगा और भारी अपयश प्राप्त होगा ! इन विचारों के साथ महाराजा अनंगपाल सिंह ने पृथ्वीराज के साथ युध्द का विचार त्याग दिया , और पृथ्वीराज से कहा - ठीक है पुत्र यदि तेरे भीतर पाण्डवों के इस महान साम्राज्य पर राज्य करने की लोभी प्रचृत्ति सवार हो ही गयी है तो तू यहाँ संभाल, किन्तु सदा स्मरण रखना कि यह गददी तोमर राजवंश की है और सदा उसी की रहेगी ! तू कुछ समय राज्य का संचालन कर ले , बाद में मेरा पुत्र और मेरे वंशज का ही दिल्ली पर शासन होगा, मैं इसे सहर्ष तुझे इसे सिंहासन के संचालन पर रखवाला बनाता हूँ ! इसके पश्चात पृथ्वीराज ने अपने नाना को कई भेंट व उपहार देकर विदा किया तथा भेंट में कई हाथी भी दिये, महाराज अनंगपाल सिंह सें कहा नाना यह गददी आपके नाम से ही चलाऊंगा, और आपको जो हाथी मैंने दिया है वह जहाँ जाकर बैठेगा वहीं से आपका साम्राज्य प्रारंभ हो जायेगा , आप वहाँ अपना राज्य प्रारंभ कर लें !

वंशावली विवरण अनुसार यह हाथी लम्बी यात्रा के बाद चम्बल नदी के किनारे आकर ''ऐसाह'' नामक स्थान पर बैठे ! बस यहीं से आगे पुन: तोमर राजवंश का साम्राज्य प्रारंभ हुआ !

ऐसाह मुरैना जिला का तोमर राजवंश का पुराना दुर्ग, महल एवं भगेसुरी या भवेसुरी युक्त स्थान है जो कि ऐसाह गढ़ी के नाम से विख्यात है !

महाराज अनंगपाल सिंह तोमर ने ऐसाह में दुर्ग व महल स्थापित कराया एवं ऐसाह गढ़ी के नाम से साम्राज्य की स्थापना की !

महाराजा अनंगपाल सिंह तोमर के एकमात्र पुत्र सोनपाल सिंह तोमर ने अपने राज्यकाल में सोनियां (सिहोनिया) नामक नगर बसाया और सोनिया यानि सिंहोनिया में राजधानी को संचालित किया ! महाराजा सोनपाल सिंह की पत्नी नरवर के कछवाहे महाराजा की पुत्री ककनवती ने 11 वीं सदी में अपनी अभीष्ट पूजा व अपनी स्मृति चिरस्थायी रखने की इच्छाा से महाराजा सोनपाल सिंह से एक मन्दिर निर्माण की कामना की, महाराजा सोनपाल ने ककनवती के लिये उसके ही नाम से उसका इच्छित मन्दिर उसकी स्मृति को चिरस्थायी करते हुये निर्माण कराया तथा इसे ककनमठ के नाम से स्थापित व पूज्य किया गया ! महारानी ककनवती यहाँ भगवान शिव की पूजा उपासना के लिये निरन्तर आतीं रहीं ! वंशावली सूत्रों के अनुसार ककनमठ कई मन्दिरों का समूह था जिसमें प्रमुख मन्दिर (जो आज भी है) के दो प्रवेश द्वार थे ! इन प्रवेश द्वारों की व्यवस्था यह थी कि मुख्य द्वारा सिर्फ राज परिवार के प्रवेश के लिये रहता और दूसरा द्वारा सभी सामान्य भक्तों व साधु सन्यासियों के लिये खुला रहता !

महाराजा सोनपाल सिंह के पुत्र सुल्तानसाय यानि सुल्तान सहाय हुये ! महाराजा सुल्तान सहाय की पत्नी अकलकंवर वर्तमान राजस्थान के करौली राज्य के जादौन राजवंश के राजा हमीर सिंह की पुत्री थी ! महाराजा सुल्तान सहाय यानि सुल्तानसाय ऐसा व सोनयां राज्य पर यथावत राज्य करते रहे !

महाराज सुल्तानसाय व महारानी अकलकंवर के पुत्र कंवर सिंह हुये ! महाराज कंवर सिंह की पत्नी चित्तोड़गढ़ के महाराज सिसोदिया राजवंश के राणा रतन सिंह की बेटी हेमावती थीं ! महारानी हेमावती के साथ महाराज कंवर सिंह यथावत ऐसाह व सोनयां राज्य पर राज्य करते रहे !

महाराज कंवर सिंह और महारानी हेमावती के दो पुत्र हुये जिसमें एक पुत्र का नाम राव घाटमदेव तथा दूसरे पुत्र का नाम देववरम हुआ ! देववरम काफी प्रतापी और शूरवीर था !

महाराजकुमार राव घाटमदेव और देववरम के समक्ष क्षेत्र में साम्राज्य विस्तार और राज्य शक्ति विस्तार का प्रमुख लक्ष्य रहा ! इसके तहत राव घाटम देव ने 52 और 84 गांव के दो राज्य खण्ड स्थापित किये तथा देववरम ने बीसासुर यानि 120 गाँवों का राज्यखण्ड स्थापित किया ! इस प्रकार तोमर राज्य की शक्ति काफी प्रबल व समर्थ हो गयी ! राव घाटम देव के 52 और 84 तथा देववरम के 120 यानि बीसासुर को ही मिला कर तोमरघार यानि तंवरघार कहा जाता है ! तब स ेअब तक इस राजवंश के गाँव और शक्ति काफी विस्तारित हो चुकी है !

इस प्रकार अतुल्य शक्ति व सामर्थ्य स्थापना के बाद देववरम के हिस्से में ऐसाह की राजगददी आयी, और राव घाटम देव ने सोनयां पर राज्य किया ! महाराजा देववरम ने विक्रम संवत 1438 आषाढ़ के महीने में (मई जून सन 1381 में) ऐसाह के किले यानि ऐसाह गढ़ी का पुनरूध्दार किया और जीर्णोध्दार कराया तथा ऐसाह गढ़ी का साम्राज्य संचालित किया !

महाराजा देववरम ने अपनी शूरवीरता और पराक्रम से विक्रम संवत 1466 में (ई0 सन् 1409 में) ऐसाह से आकर ग्वालियर का किला अपने आधिपत्य में लिया और ग्वालियर राज्य पर तोमर राजवंश के साम्राज्य की स्थापना की ! महाराजा देववरम ग्वालियर साम्राज्य के पहले तोमर राजा हुये ! महाराज देववरम का शासनकाल अत्यंत स्वर्णिम और तोमर राजवंश के भावी साम्राज्य स्थापना व संचालन का प्रमुख स्तम्भ था ! महाराज देववरम ही ग्वालियर राज्य पर तोमर राजवंश के प्रथम महाराजा एवं नींव संस्थापक रहे ! महाराजा देववरम ने 27 वर्ष तक ग्वालियर पर स्वर्णिम व प्रतापी राज्य किया !

महाराजा देववरम ने ग्वालियर शासनकाल में चतुर्भुज मन्दिर का निर्माण, लक्ष्मीनारायण मन्दिर, जीत महल, जैत या जीत स्तम्भ, तथा माण्डेर दुर्ग का निर्माण कराया !

महाराजा देववरम ने ईसवी सन् 1409 में ग्वालियर में तोमर राज्य की पताका फहरा कर तोमर राजवंश का वैभवशाली साम्राज्य स्थापित किया जिसे इस वर्ष पूरे 600 वर्ष हो चुके हैं ! मुझे इस वंश का गौरवशाली उत्तराधिकारी होने गर्व है !

टीप:- समस्त तथ्य व आंकड़े तोमर राजवंश के वंशावली लेखक जिन्हें जगा या वृध्दावलि लेखक कहते हैं, तोमर राजवंश के वंशावली लेखक जगा श्री सरवन सिंह से सविनय सधन्यवाद प्राप्त किये गये हैं एवं उन्हीं की आज्ञा से उध्दृत किये गये हैं ! तोमर राजवंश की सम्पूर्ण वंशावली उन्हीं की सहायता व आज्ञा से तैयार की जा रही है एवं इसका कम्प्यूटराइजेशन व इण्टरनेट पर प्रसारण शीघ्र ही संभव होगा ! साथ ही इसका आडियो वीडियो एवं सी.डी में उपलब्ध कराने की भी चेष्टा की जा रही है, जिससे राजपूत वंशावली के बारे में व्याप्त भ्रम दूर हो सकें  !  मुझे उनका आशीर्वाद व सहयोग प्राप्त हुआ है इसके लिये मैं ईश्वर एवं उनके प्रति कृतज्ञ हूँ !