बुधवार, अक्तूबर 28, 2009

पंचायत से लेकर राजधानी तक मनेगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस , सामाजिक सरोकार से जुडे रचनात्मक कार्य शुरू करें

पंचायत से लेकर राजधानी तक मनेगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस , सामाजिक सरोकार से जुडे रचनात्मक कार्य शुरू करें

म.प्र.स्थापना दिवस आयोजन की ऑन लाईन , समीक्षा में सीएम ने दिये निर्देश

भिण्ड 27 अक्टूबर 2009

      मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर प्रदेश की राजधानी तक मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एवं सप्ताह उत्सव पूर्वक मनाये इस आयोजन में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश को समृद्वि और विकास पर लाना राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास आम आदमी तक पहुंचे। लोगों को यह महसूस हो कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन तथा समाज आम नागरिकों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नागरिक यह महसूस करें कि प्रदेश की प्रगति में उसकी भी अहम जिम्मेदारी है और आम नागरिक भी प्रदेश की प्रगति में हिस्सेदार बने यह भावना उसके मन में जाग्रत करें। श्री चौहान ने मंगलवार को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एवं सप्ताह आयोजन की गतिविधियों की ऑन लाईन समीक्षा में उक्त निर्देश दिये इस मौके पर मुख्य सचिव राकेश साहनी भी उपस्थित थे।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का स्थापना दिवस सामाजिक उत्सव दिवस के रूप में मनाए। इसमे समाज के सभी वर्गो, छात्र छात्राओं, अधिकारी , कर्मचारियों,जनप्रतिनिधियों विभिन्न सम्प्रदाय एवं धर्मो के धार्मिक गुरू तथा सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं और जिले के प्रत्येक विधाओं के नामचीन व्यक्ति को आमंत्रित किया जाये। जिला स्तरीय कार्यक्रम मध्यप्रदेश का गीत, मुख्यमंत्री का संदेश, प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने का संकल्प सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गतिविधियां जिले के प्रभारी मंत्री या जिला पंचायत अध्यक्ष की उपस्थिति में आयोजित करें।

      उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस से सामाजिक हित से जुडे रचनात्मक कार्य जिले भर में शुरू किये जाए। जिसके तहत जन सहभागिता से जल संरक्षण स्वच्छता अभियान, गाजर घास, उन्मूलन की गतिविधियों से की जाएं तथा शालाओ एवं चिकित्सालयों की सफाई एवं पुताई हो और आम लोगों को उनके घरों के आसपास साफ सफाई रखने के लिये जागरूक बनाया जाये।

सामाजिक सरोकार से हो स्वास्थ परीक्षण गतिविधियां

      मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि स्थापना दिवस से जिलो में जरूरत अनुसार सामाजिक हितो से जुडी रचनात्मक गतिविधियां शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर निजी चिकित्सकों के सहयोग से समाज के गरीब एवं कमजोर तबकों के लोगों के स्वास्थ परीक्षण की गतिविधियाँ अभियान के रूप में शुरू करें। इस अभियान में सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग लें।

विद्युत संरक्षण हेतु जागरूकता लाए

      मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस से ही लोगों में विद्युत संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने की गतिविधियाँ शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिये जिले भर में जागरूकता अभियान चलाये। लोगों को विद्युत की बचत की जानकारी दे इसी के साथ समाज में नशा मुक्ति के लिये जागरूकता अभियान चलाये। स्थापना दिवस सप्ताह में  रचनात्मक गतिविधियों को जनता के सहयोग से शुरू करें।

 

लोगों में विकास का भाव जाग्रत करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के आम नागरिकों के मन में यह भाव जाग्रत करें कि जितना समय उनके पास है उस समय में से वें प्रदेश के विकास हेतु रचनात्मक कार्य करेगें। उन्होंने अधिकारी कर्मचारियों का आव्हान किया कि वे कर्मठता एवं दक्षता की कार्य शैली से जनता के सहयोग से रचनात्मक कार्य शुरू करें।

      मुख्य सचिव राकेश साहनी ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एवं सप्ताह की गतिविधि को प्रत्येक स्तर पर सामाजिक सरोकार की भावना से करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को स्थापना दिवस एवं सप्ताह की गतिविधियों से जोडे। इस आयोजन को सामाजिक आन्दौलन बनाने के लिये विभिन्न समाज प्रमुखों से चर्चा करें और उनसे सुझाव प्राप्त कर रचनात्मक गतिविधियों को शुरू करें। स्थापना दिवस उत्सव के बाद सप्ताह में की जाने वाली गतिविधियों के आयोजन शुरू करें।

 

कोई टिप्पणी नहीं: