शनिवार, जुलाई 03, 2010

भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण देने प्रत्येक नागरिक पौधे लगाये कलेक्टर की अपील

भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण देने प्रत्येक नागरिक पौधे लगाये कलेक्टर की अपील

भिण्ड : 2 जुलाई, 2010

       कलेक्टर भिण्ड रघुराज राजेन्द्रन ने अपील की है कि वन संरक्षण और विकास की योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करते हुए वन महोत्सव के अवसर पर जिले के प्रत्येक नागरिक पौधे लगाये।

       कलेक्टर ने कहा है कि पर्यावरण को संतुलित बनाये रखने के साथ ही वन आर्थिक विकास का मुख्य आधार स्तम्भ है। मध्यप्रदेश शासन ने स्वर्णिम मध्यप्रदेश की दिशा में आगे बढ़ने के लिए जो नींव रखी है, उसमें वनों के संवहनीय विकास के साथ वनवासियों को वनोपज पर आधारित रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया है। इस दिशा में अनेक कई योजनायें प्रारंभ की गई हैं। प्रदेश में वर्ष 2010 को बांस वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। बांस वर्ष 2010 में पांच करोड़ बांस लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से कहा है कि वे पौधारोपण के लिए उपयुक्त पौधे निकटतम वन रोपणी से प्राप्त कर सकते हैं।

       कलेक्टर भिण्ड ने कहा है कि जन समुदाय में वन तथा प्रकृति के प्रति चेतना जागृत करने के उद्देश्य से प्रति वर्ष वन महोत्सव मनाया जाता है। भारतीय संस्कृति में वनों को आराध्य देव माना गया है। हमें पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की इस परम्परा को बनाए रखना होगा, तभी हम भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण दे पायेंगे।

       उन्होंने कहा है कि प्रदेश को समृध्द बनाने के लिये वन संसाधनों का बेहतर प्रबंधन आवश्यक है। वन विभाग द्वारा विभिन्न वानिकी विकास योजनाओं के माध्यम से वन विस्तार के साथ ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं की सफलता में प्रदेश के सभी नागरिकों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।

 

कोई टिप्पणी नहीं: