शनिवार, अप्रैल 10, 2010

भिण्ड जिले में ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई हेतु हलधर योजना शुरू पात्र कृषकों को मिलेगा 50प्रतिशत अनुदान

भिण्ड जिले में ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई हेतु हलधर योजना शुरू पात्र कृषकों को मिलेगा 50प्रतिशत अनुदान

हलधर योजना में 1650 हेक्टेयर जुताई का लक्ष्य

भिण्ड 9 अप्रैल 2010

        छोटे एवं कमजोर कृषकों की उत्पादकता बढाने एवं जल संग्रहण के मद्देनजर कृषि विभाग भिण्ड द्वारा ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई के लिए हलधर योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के लिये अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा सामान्य वर्ग के लघु एवं सीमांत कृषक पात्र होगें। पात्र कृषकों को गहरी जुताई का 50 प्रतिशत या अधिकतम रूपया 1000 प्रति हैक्टर जो भी कम हो अनुदान के रूप में देय होगा। अनुदान की अधिकतम सीमा एक हैक्टर प्रति कृषक होगी।

       उक्त जानकारी उप संचालक कृषि मनोज कश्यप ने देते हुये योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु कृषकों से अपना आवेदन प्रपत्र-1 में भरकर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस योजना का लाभ कृषकों को पहले आओं पहले पाओं के आधार पर दिया जायेगा। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्राप्त आवेदनों का अनुमोदन ग्राम पंचायत के माध्यम से कराकर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को प्रेषित करेगें। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आवेदनों का अनुमोदन जनपद पंचायत से कराकर उप संचालक कृषि को प्रेषित करेगें। उप संचालक कृषि जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति से हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन करायेगें।

       गहरी जुताई का कार्य कृषक अपनी इच्छा अनुसार मोल्ड बोर्ड एमबी प्लाऊ डिस्क प्लाऊ, विर्सिबल प्लाऊ, द्वारा कराये 6 इंच से से अधिक जुताई के गहरी होनी चाहिए अन्य यंत्रों द्वारा की गई जुताई मान्य नही होगी। शासन द्वारा भिण्ड जिले के लिए 1650 हैक्टर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी 6 विकास खण्डों को 275-275 हैक्टर में लक्ष्य को विभाजित कर दिया गया है।

 

अनुदान प्राप्त एवं निजि शाला में कमजोर वर्ग के बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा

अनुदान प्राप्त एवं निजि शाला में कमजोर वर्ग के बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा

शिक्षा के अधिकार अधिनियम में हुई व्यवस्था

भिण्ड 9 अप्रैल 2010

       कलेक्टर रघुराज राजेन्द्रन ने बताया कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम में कमजोर वर्ग के बच्चों को अनुदान प्राप्त तथा निजि शालाओं में नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। अनुदान प्राप्त शालाओं में शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 12 एक बी के अनुसार अनुदान प्राप्त शालाओं को प्राप्त होने वाले अनुदान के प्रतिशत के अनुपात में जो किसी भी स्थिति में न्यूनतम 25 प्रतिशत से कम नही होगा। बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान कराना आवश्यक होगा। 

       इसी तरह निजी शालाओं में शिक्षा का अधिकार अधिनिमय की धारा 12 एक सी के अनुसार प्रत्येक निजी विद्यालय को 25 प्रतिशत  वंचित वर्ग के एवं आर्थिक स्थित कमजोर वर्ग के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देना अनिवार्य होगा। यह प्रवेश कक्षा एक में देना होगा। ऐसी शाला जहां स्कूल एजूकेशन है वहां यह एडमिशन नर्सरी कक्षा में देना अनिवार्य होगा।

वंचित एवं कमजोर परिवारों का निर्धारण

       अनुदान प्राप्त एवं निजि शालाओं में वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का निर्धारण शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 2 डी और 2 सी के अनुसार होगा। सबसें पहले अनुसूचित जन जाति वर्ग (एसटी)के बच्चों को अनुसूचित जाति तत्पश्चात ओबीसी वर्ग के बीपीएल परिवार को तथा चतुर्थ क्रम में अन्य बीपीएल परिवार को प्राथमिकता मिलेगी।

8 किमी दायरे के होगें बच्चें पात्र

       अनुदान प्राप्त निजी शाला के 8 किमी तक के परिधि में उक्त वर्ग के बच्चें शाला में दर्ज किये जाने हेतु प्रथमत: पात्र माने जाएगे। यदि उपरोक्त वर्णित क्षेत्र में कमजोर वर्ग के प्राथमिकता क्रम में 25प्रतिशत से अधिक बच्चें आते है तो प्रवेश दिये जाने वाले बच्चों का चयन वरीयता क्रम से प्रारंभ कर अंतिम वरीयता तक लाटरी के आधार पर होगा। जरूरत होने पर लाटरी निकालने की कार्यवाही 25 अप्रैल को की जाएगी। लाटरी निकालने एवं एक्ट के अनुसार वंचित वर्ग के बच्चों के भौतिक सत्यापन की कार्यवाही अनुदान प्राप्त एवं निजि संस्थाओं के सबसे नजदीक संकुल केन्द्र प्रभारी एंव प्राचार्य द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में की जाएगी। खण्ड शिक्षा अधिकारी भिण्ड, अटेर, गोहद, मेहगांव, रौन एवं लहार को निर्देशित किया गया है कि वे संकुल केन्द्रों के माध्यम से उक्त निर्देशों के पालन कराए तथा 20 तारीख को अपने क्षेत्र की समस्त शालावार दर्ज वंचित एवं कमजोर बच्चों की सूची डीईओ कार्यालय में प्रस्तुत करें।

 

शुक्रवार, अप्रैल 09, 2010

पंचायतों के रिक्त पदों के उप चुनाव मई-जून में निर्वाचन आयोग ने लिया निर्णय

पंचायतों के रिक्त पदों के उप चुनाव मई-जून में निर्वाचन आयोग ने लिया निर्णय

मतदाता सूची तैयार करने कार्यक्रम घोषित

भिण्ड 8 अप्रैल 2010

       मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 31 मार्च 2010 की स्थिति में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त रहे स्थानों के लिए मई-जून माह में उप चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा ऐसी ग्राम पंचायतों में भी आम निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होगी जो नवगठित है या जिनका निर्वाचन वर्ष 2005 पूर्वाद्व में कराया गया था और जिनका 5 वर्ष कार्यकाल माह मई-जून 2010 में समाप्त हो रहा है वहॉ भी चुनाव होगें।

       म.प्र. पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 14 के अनुसार किसी पंचायत में रिक्त स्थानों को भरने के लिए उप निर्वाचन के पूर्व मतदाता सूची उस वर्ष के जनवरी माह के प्रथम दिवस के आधार पर पुनरीक्षित की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम घोषित किया गया है। जिसके अनुसार 12 अप्रैल को प्रारंभिक मतदाता सूची तैयार होगी। मतदाता सूची का मुद्रण 21 अप्रैल को होगा।  अप्रैल 22 को प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन की कार्यवाही होगी तथा आम लोगों के निरीक्षण के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी। अप्रैल 26 को प्रांरभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में दावे एवं आपत्तियाँ आमंत्रित करने की सूचना जारी होगी। इसी दिन से दावे एवं आपत्ति प्राप्त करने की कार्यवाही शुरू होगी। मई 3 प्रांरभिक मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तारीख तय की गई है। दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 7 मई को किया जाएगा। ग्राम पंचायत वार 11 मई को अनुपूरक सूची तैयार होगी। मई 14 को अनुपूरक सूची के कंकण एवं मुद्रण के साथ साथ अनुपूरक सूची मूल सूची के साथ जोडे जाने की कार्यवाही होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला रजिस्ट्रीकरण) अधिकारी को 18 मई को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसीदिन से अंतिम मतदाता सूची विक्रय के लिए उपलब्ध रहेगी।

 

शस्त्र पर लगे प्रतिबंध की जानकारी मुनादी कराकर दे कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को दिए निर्देश

शस्त्र पर लगे  प्रतिबंध की जानकारी मुनादी कराकर दे कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को दिए निर्देश

भिण्ड 8 अप्रैल 2010

       कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी भिण्ड रघुराज राजेन्द्रन ने भिण्ड जिले के सार्वजनिक स्थानों के आवागमन वाले क्षेत्रों में शस्त्र लेकर घूमने पर लगाए गये प्रतिबंध की जानकारी ग्रामों में कोटवार के जरिए मुनादी कराकर प्रसारित कराने के निर्देश दिए है। इस संबंध में जिले के अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे उनके प्रभार क्षेत्रों के समस्त ग्रामों में कोटवार के जरिए मुनादी कराकर आर्म्स अधिनियम 1962 के तहत सार्वजनिक स्थलों पर शस्त्र लेकर घूमने पर लगाए गये प्रतिबंध की जानकारी आम लोगों को दिलाए। इस संबंध में पंचायत सचिवों के जरिए भी ग्राम पंचायतों में आर्म्स शस्त्र पर लगाए गये प्रतिबंध की जानकारी प्रसारित करने पर जोर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि जिला दण्डाधिकारी द्वारा जिन सार्वजनिक स्थानों पर जहां आम लोगों का आवागमन बना रहता है। वंहां पर शस्त्र ले जाने के लिए केवल शासकीय आर्म्स शस्त्रों को अधिकृत किया गया है। इसके अलावा कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसे कलेक्टर कार्यालय से अधिकृत नही किया गया है ऐसे व्यक्ति को सार्वजनिक स्थलों पर शस्त्र लेकर घूमने की पात्रता नही होगी। ऐसे व्यक्तियों को आर्म्स शस्त्र अधिनियम 1962 के उल्लघंन का दोषी माना जाकर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। यदि किसी विशेष प्रयोजन से किसी व्यक्ति को शस्त्र लेकर जाना जरूरी है तो ऐसे व्यक्ति अपने शस्त्र को कपडे में लपेटकर लेकर जा सकेगें परंतु उनका सार्वजनिक प्रदर्शन नही कर सकेगें। कोई भी व्यक्ति जिसके पास सरकारी शस्त्र नही है और जो प्रतिबंधात्मक क्षेत्र में शस्त्र प्रदर्शन करते हुये पाया जाएगा ऐसे व्यक्तियों पर आर्म्स शस्त्र अधिनियम 1962 के तहत कार्यवाही होगी। आयुध 1962 की कण्डिका के अनुसार अनुज्ञप्ति धारी या इस अनुज्ञप्ति के अधीन कार्य करने वाला कोई प्रतिधारक किन्ही ऐसे आयुधों को जो अनुज्ञप्ति के अन्तर्गत आते है जिला मजिस्ट्रेट द्वारा इस निमित विशेष रूप से प्राधिकृत किया गया है वहां के सिवाए ऐसे किन्ही आयुधों को किसी मेले, धार्मिक जुलूस या अन्य सार्वजनिक मजमे या शैक्षणिक संस्था की प्रासीमाओं के भीतर नही ले जा सकेगा।

 

गुरुवार, अप्रैल 08, 2010

नगरीय क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही सम्पन्न

नगरीय क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही सम्पन्न

भिण्ड 7 अप्रैल 2010

       म.प्र. योजना समिति भिण्ड के नगरीय क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही बुधवार 7 अप्रैल को सम्पन्न हुई। जिसके तहत नगर पालिका भिण्ड में जिला योजना समिति के सदस्य हेतु ….. निर्वाचित हुये। जबकि नगर पालिका गोहद से श्री चरणजीत उर्फ चेचू निर्विरोध निर्वाचित हुये। इसके अलावा 9 नगर पंचायतों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही कार्यालय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष भिण्ड में सम्पन्न हुई जिसमें …………निर्वाचित हुये। 

 

10 दिवसीय मछरदानी सशक्तिकरण शिविर शुरू

10 दिवसीय मछरदानी सशक्तिकरण शिविर शुरू

भिण्ड शहर के 5 स्थानों पर लगेंगे दो-दो दिवसीय शिविर

भिण्ड 7 अप्रैल 2010

       भिण्ड शहर में 5 अप्रैल से 10 दिवसीय मछरदानी सशक्तिकरण शिविर शुरू हुआ। मछरदानी सशक्तिकरण शिविर 16 अप्रैल तक चलेगा। राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भिण्ड शहर में मछरदानियो को दवायुक्त करने के लिए चलाये जाने वाले नि:शुल्क अभियान के तहत चयनित 5 स्थानों पर दो-दो दिवसीय शिविर आयोजित किये जायेगें। जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा बताया गया कि मच्छरदानी दवायुक्त होने से लगभग 6 महीने तक मच्छरदानी के पास मच्छरों के आने की संभावना कम रहती है।  5 एवं 6 अप्रैल को लश्कर रोड स्थित नगर पालिका, 7 एवं 8 को सिटी कोतवाली, 9 एवं 10 को 17 बटालियन इटावा रोड, 12 एवं 13 को बुनियादी स्कूल जेल के सामने और 15 एवं 16 अप्रैल को अटेर रोड नबादा वाले हनुमान मंदिर प्रांगण में मच्छरदानी को दवायुक्त बनाने शिविर आयोजित किये गये है। वे व्यक्ति जो मच्छरदानी को दवायुक्त कराना चाहते है उन्हें मच्छरदानी को धोकर लाना होगा।

 

इकनाली बंदूक जप्त, खुले में लेकर घूमने पर हुई कार्यवाही

इकनाली बंदूक जप्त, खुले में लेकर घूमने पर हुई कार्यवाही

भिण्ड 7 अप्रैल 2010

       कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी भिण्ड द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शस्त्र लेकर घूमने पर लगाए गये प्रतिबंध के तहत कलेक्ट्रेट भिण्ड के जनसमस्या निवारण स्थल प्रांगण में मंगलवार को 12 बोर इकनाली लायसेंस बंदूक को खुलेआम लेकर घूमने के कारण जप्त किया गया है। एसडीएम भिण्ड डीआर कुर्रे ने बताया कि थाना नयागांव के ग्राम ककहरा निवासी राघवेन्द्र सिंह पुत्र कप्तान सिंह का लायसेंसी शस्त्र खुले में लेकर घूमने के कारण जप्त किया गया है। संबंधित को आर्म्स शस्त्र अधिनियम 1962 के उल्लंघन का दोषी पाया जाकर शस्त्र जप्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला दण्डाधिकारी भिण्ड द्वारा जिले के सार्वजनिक स्थानों पर जहां आम लोगों का आवागमन बना रहता है वहॉ पर शस्त्र ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

 

शाला बंद पाने पर प्राचार्य,बीईओ सहित 8 शिक्षकों की वेतन वृद्वि रोकने का नोटिस

शाला बंद पाने पर प्राचार्य,बीईओ सहित 8 शिक्षकों की वेतन वृद्वि रोकने का नोटिस

भिण्ड 6 अप्रैल 2010

       कलेक्टर रघुराज राजेन्द्रन ने 5 अप्रैल को मेहगांव विकास खण्ड के शासकीय हाईस्कूल बरहद को किये गये आकस्मिक निरीक्षण में शाला बंद पाये जाने पर खण्ड शिक्षाधिकारी अनंतराम गर्ग एवं शाला के प्राचार्य सहित 7 अन्य शिक्षकों को वेतनवृद्वि रोकने का नोटिस जारी किया है। खण्ड शिक्षा अधिकारी को शाला बंद होने की जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को नही देने के कारण एक वेतन वृद्वि असंचयी प्रभाव से रोकने का नोटिस जारी किया गया है। जबकि शाला के प्राचार्य जेपी ओझा की दो वेतनवृद्वियॉ तथा शिक्षक महादेव प्रसाद तिवारी, महावीर प्रसाद शर्मा, अध्यापक केके शर्मा, सहायक शिक्षक विज्ञान शिवनारायण रावत, गणक कमलेश कुमार पाराशर तथा सहायक ग्रेड-3 रणवीर सिंह नरवरिया की एक-एक वेतन वृद्वि असंचयी प्रभाव से रोके जाने का नोटिस दिया गया है।

 

नगरीय क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही आज

नगरीय क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही आज

       म.प्र. योजना समिति भिण्ड के नगरीय क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही बुधवार       7 अप्रैल को होगी। जिसके तहत नगर पालिका भिण्ड की कार्यवाही नगर पालिका सभाकक्ष में और नगर पालिका गोहद की कार्यवाही गोहद कार्यालय में की जाएगी। इसके अलावा 9 नगर पंचायतों के सदस्यों के निर्वाचन की कार्यवाही कार्यालय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष भिण्ड में होगी।

 नगर पालिका भिण्ड एवं गोहद के लिए एक-एक तथा नगर पंचायत क्षेत्र से दो सदस्यों का निर्वाचन होगा।

 

योजना समिति की ग्रामीण सदस्यों का निर्वाचन अब 13 को

योजना समिति की ग्रामीण सदस्यों का निर्वाचन अब 13 को

भिण्ड 6 अप्रैल  2010

       पीठासीन अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड छोटे सिंह ने बतायाकि जिला पंचायत सभाकक्ष भिण्ड में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन का सम्मेलन अब 13 अप्रैल को प्रात:11 बजे से आयोजित किया गया है।   11.15 से 11.45 तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत होगें। 11.45 से 12 तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी।  12 से 12.30 तक नाम वापसी हो सकेगी।  12.30 से 12.45 तक मतपत्र एवं मत पेटी तैयार की जाएगी। जरूरी होने पर 12.45 से 1.45 तक मतदान प्रक्रिया होगी। मतदान के तत्काल बाद मत गणना एवं परिणाम की घोषणा होगी।

 

गोहद चिकित्सालय की पेयजल समस्या का निदान प्राथमिकता से हो, संभागायुक्त ने पेयजल व्यवस्था को सुधारने पर जोर दिया

गोहद चिकित्सालय की पेयजल समस्या का निदान प्राथमिकता से हो, संभागायुक्त ने पेयजल व्यवस्था को सुधारने पर जोर दिया

भिण्ड 6 अप्रैल 2010

       चंबल संभागायुक्त एसडी अग्रवाल ने गत दिवस विकास खण्ड गोहद में की गई समीक्षा में शासकीय चिकित्सालय गोहद की पेयजल समस्या के निदान के लिए तत्काल पेयजल कनेक्शन करने, चिकित्सकों तथा पेरामेडीकल स्टाफ को ग्रीष्मकाल में होने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए। इसीतरह  नगरीय एवं ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को सुद्रढ बनाने तथा खराब पडे जलस्रोतों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक में कलेक्टर रघुराज राजेन्द्रन सहित जल संसाधन लोक निर्माण स्वास्थ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल, मध्यान्ह भोजन, तथा नगर पालिका अधिकारी, एसडीएम उपस्थित थे।

       संभागायुक्त ने नगर पालिका अधिकारी गोहद को निर्देश दिए कि जल संसाधन विभाग के लंबित देयक का भुगतान तत्काल करें। आपने पीएचई महकमे और सीएमओ नगर पालिका को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए खराब पडे हैण्डपम्प का संधारण कार्य समय पर करें और जरूरत अनुसार राइजर पाईप डाले। आपने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार से चालू एवं बंद पडे हैण्डपम्प का सत्यापन कराने और खराब पडे हैण्डपम्पों में से सुधार योग्य हैण्डपम्पों को अभियान के रूप में सुधारने के निर्देश दिए। सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ने बताया कि अनुविभाग गोहद में 48 स्थानों पर खारे पानी को मीठे पानी में बदलने की कार्यवाही जारी है। नगर पालिका क्षेत्र में पर्याप्त साफ सफाई की जाए और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रतिबंधात्मक उपाय किये जाए।

       संभागायुक्त ने गोहद स्थित बेशली जलासय में संग्रहित पानी की जानकारी लेते हुये उपलब्ध पानी से कब तक पेयजल आपूर्ति होगी की जानकारी ली। स्वास्थ विभाग की समीक्षा में खण्ड चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गये कि जननी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों के प्रोत्साहन राशि के चैक हितग्राहियों को तत्काल दे। 

       श्री अग्रवाल ने स्कूल चले अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुये शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों को अभियान चलाकर शाला भेजने और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करनें तथा दक्षता संवर्धन की मानीटरिंग करने के निर्देश दिए।

       शालाओं में मध्यान्ह भोजन की समीक्षा करते हुये पालक शिक्षक संघ और स्व सहायता समूह पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले समूह को हटाने के निर्देश भी दिए। आपने आंगनबाडी केन्द्रों को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुये आंगनबाडी केन्द्रों को नियमित रूप से खोलने और उद्देश्य परख बनाने पर जोर दिया। जो आंगनबाडी बंद पडी है और जो सुपरवाईजर नियमित रूप से आंगनबाडी का संचालन नही कर रहे है उनके वेतन नही देने के निर्देश दिए।

 अभियान के रूप में लंबित विद्युत देयकों की बसूली हो

       संभागायुक्त एसडी अगव्राल ने निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल के लंबित विद्युत देयकों की बसूली विशेष अभियान चलाकर की जाए। इस अभियान में मैदान स्तरीय राजस्व अमले का सहयोग ले। संभागायुक्त ने निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण करने के उपरांत सहायक यंत्री लोक निर्माण को विद्युत फिटिंग कार्य सहित लंबित अन्य कार्यो को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।

गेहूं उपार्जन व्यवस्था का अवलोकन

       संभागायुक्त एसडी अग्रवाल ने बैठक के उपरांत कृषि उपज मण्डी गोहद का कलेक्टर के साथ किये गये आकस्मिक निरीक्षण में मण्डी में की जा रही गेहूं उपार्जन व्यवस्था का अवलोकन किया और कृषकों से चर्चा करते हुये उन्हें दिये जाने वाले भुगतान की जानकारी ली। श्री अग्रवाल ने माइश्चर मीटर से विक्रय के लिए आए गेहूं का समक्ष में परीक्षण कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषकों से ऋण पुस्तिका खसरा एवं खतोंनी नकल के दस्तावेज के आधार पर ही समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाए। निरीक्षण में बताया गया कि गोहद में स्थापित उपार्जित केन्द्रों पर 5273 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है।

 

मंगलवार, अप्रैल 06, 2010

प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण आज

प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण आज

भिण्ड  5 अप्रैल 2010

       सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कृषि मण्डी भिण्ड ने बताया कि मण्डी समिति भिण्ड में कृषक एवं व्यापारी मतदाता सूचियों में दावा आपत्तियॉ प्राप्त करने हेतु जनपद पंचायत अटेर एंव भिण्ड के सभी सचिव तथा कृषि विभाग के ग्रामीण विस्तार अधिकारियों और पटवारियों सहित 160 कर्मचारियों को संबर्द्व किया गया है। प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण कार्य 6 अप्रैल को प्रात:11 बजे से डाईट भवन भिण्ड में होगा। सबंर्द्व किये गये कर्मचारियों को प्रशिक्षण में समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिये गये है।

 

चंदूपुरा एंव बाराकला ग्राम में जलाभिषेक अभियान शुरू , जल स्रोतो को पुर्नजीवित करने ग्रामीणों को दिलाई शपथ

चंदूपुरा एंव बाराकला ग्राम में जलाभिषेक अभियान शुरू

जल स्रोतो को पुर्नजीवित करने ग्रामीणों को दिलाई शपथ

भिण्ड 5 अप्रैल 2010

       कलेक्टर रघुराज राजेन्द्रन के निर्देशन में भिण्ड जिले में जलाभिषेक अभियान की शुरूआत सोमबार को भिण्ड विकास खण्ड के ग्राम चंदूपुरा एंव बाराकला ग्राम से की गई। इस अवसर पर जलाभिषेक अभियान की आवधारणा को जन जन तक पहुचाने  और इस अभियान को लोगों को आने आने और उन्हें जागरूक बनाने के लिए  तथा जल स्रोतों को पुर्नजीवित करने ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई। ग्राम चंदूपुरा में अपर कलेक्टर छोटे सिंह की अगवाई में और ग्राम बाराकला में एसडीएम डीआर कुर्रे की अगुवाई में जलाभिषेक अभियान की गतिविधियॉ शुरू हुई।

       अपर कलेक्टर छोटे सिंह ने चंदूपुरा के ग्रामीणों को जलाभिषेक अभियान के उद्देश्य पर जानकारी देते हुये बताया कि गिरते भू जल स्तर के लिए  जरूरी है कि वर्षा के जल को भू गर्भ में पहुंचाएं जिसके लिये जरूरी है कि ग्राम के सूखे पडे तालाब के नाले  एवं नदियों तथा जलस्रोतों को गहरा किया जाए। इस अभियान को जल सहभागिता के आधार पर करने के लिए ग्राम में निवास करने वाले सभी लोगों का सहयोग जरूरी है। आपने किसानों को खेत पर मेढ बनाने और ग्राम के सार्वजनिक तालाब को गहरा कराने पर जोर दिया। इसीतरह घरेलू उपयोग के पानी की निकासी के लिए घरों के पास सोख्ता गड्डा बनाने पर जोर दिया।

ग्रीष्म में खेतों की गहरी जुताई करें

अपर कलेक्टर छोटे सिंह ने कृषकों को बताया कि ग्रीष्मकाल में खेत को 6 से लेकर 9 इंच तक गहरी जुताई करें। इससे खरपतवार कम होगी और उत्पादन क्षमता में वृद्वि होने के साथ साथ वर्षा के पानी को जमीन में पहुंचाने में मदद मिलेगी। खेतों की जुताई नही होने से मिट्टी में गहरी दरारे पडती है जिसके चलते वर्षा का पहला पानी जमीन में न जाकर बह जाता है। खेतों की गहरी जुताई करने से मिलने वाली फसल में लगभग 25 से 30 प्रतिशत उत्पादन बढती है। आपने कृषकों को सलाह दी ऐसे बडे कृषक जिनके पास 5 हैक्टेयर तक कृषि भूमि है वे पूरी भूमि की गहरी जुताई कराए और ऐसे छोटे छोटे कृषक जिनके पास में कम कृषि भूमि है वे भी भूमि की गहरी जुताई कराए। शासन द्वारा ग्रीष्मकाल में खेत जुताई के लिए वर्तमान में शुरू की गई योजना पर कृषकों को एक हैक्टेयर की जोत पर एक हजार रूपये की सहायता दी जाती है।

घर घर में सोख्ते गड्डे बने

       अपर कलेक्टर ने ग्रामीणों का आव्हान किया कि वे घरेलू पानी के समुचित निकासी के लिए प्रत्येक परिवार घर घर में सोख्ते गड्डे बनाए। उन्होंने कहा कि पानी के समुचित निकासी नही होने से बडी संख्या में मच्छरों का प्रकोप फैलने से मलेरिया रोग फैलता है। जिसके चलते गरीबों को कमाई का अधिकांश हिस्सा बीमारी के उपचार में व्यय करना पडता है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती है। इस समस्या से निजात के लिए जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति पानी के निकासी के लिए अपने अपने घरों पर सोख्ते गड्डे बनाए। जिससे मच्छर नही फैलेगें और लोग मलेरिया से पीडित भी नही होगें।

 

शौचालय निर्माण कराने वाले प्रेरक को मिलेगें 100 रूपये

       अपर कलेक्टर ने ग्रामीणों को शौचालय निर्माण की जानकारी देते हुये बताया गया कि शौचालय विहीन परिवारों के यहां शौचालय निर्माण कराने वाले प्रेरक को प्रति शौचालय 100 रूपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। कोई भी व्यक्ति प्रेरक बन सकता है। इस मौके पर ग्राम के रसीद खॉ शौचालय बनाने के लिए तैयार हुऐ। जलाभिषेक अभियान के सम्मेलन के उपरांत रसीन खॉन के यहा शौचालय निर्माण कराने के लिए गड्डा खनन की कार्यवाही शुरू हुई।

महिलाओं एवं बेटियों को शर्मसार न होने दे

       ग्रामीणों का आव्हान करते हुये कहा कि घर से बाहर दिशा मैदान के लिए महिलाओं एवं बेटियों को पुरूष बाहर नही जाने दे। वे संकल्प ले और व्यक्तिगत उपयोग के लिए घर के निकट ही शौचालय बनवाए। महिलाएं एवं बेटियों को दिशा मैदान के वक्त कई बार शर्मसार होना पडता है। परिवार का मुखिया होने के नाते पुरूषों को घर की महिला एवं बेटियों को शर्मसार नही होने देना चाहिए।

जमीन को पानी रोकने लायक बनाओं

       जल सम्मेलन में बताया गया कि जमीन को पानी रोकने लायक बनाने के लिए ग्राम के सभी कृषक भूमि को पानी रोकने लायक बनाए। जिला प्रशासन द्वारा पानी रोकने लायक बनाए गये खेतों का सर्वे कर आकलन कराया जाएगा।

बाराकला में आयोजित सम्मेलन में

       बाराकला में आयोजित सम्मेलन में डीआर कुर्रे, उप संचालक मनोज कश्यप, जिला पंचायत सदस्य ओमपुरोहित, डा अनिल शर्मा, सरपंच रतन सिंह कुशवाह द्वारा जलाभिषेक अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश देते लोगों से जल संरचनाओं को उपयोगी बनाने के लिए श्रमदान करने आव्हान किया गया। एसडीएम डीआर कुर्रे ने जलाभिषेक अभियान को आज के आवश्यकता बताते हुये बंद पडे सभी जल स्रोतों को पुर्नजीवित करने का आव्हान किया। आपने किसानों से हल्दर योजना के जरिए खेतों की गहरी जुताई करने पर जोर दिया। सम्मेलन में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ साथ बलराम तालाब, खेत तालाब एवं अन्य योजना की जानकारी दी गई। जिला पंचायत सदस्य ओमपुरोहित ने जलाभिषेक अभियान की महत्ता की जानकारी देते हुये गांव में सामुहिक रूप से तालाब नदियों की खुदाई करने पर जोर दिया। आपने किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों का उपयोग करने और बलराम तालाब योजना का लाभ लेने की सलाह दी।

पानी रोको अभियान से बडा उत्पादन

       बाराकला निवासी छविराम सिंह कुशवाह ने अपने खेत पर पानी रोको अभियान के तहत किये गये उपायो की जानकारी देते हुय बताया कि खेत पर पानी रोकने के कार्य से उनके खेतों  से मिलने वाला उत्पादन बडा है।