सोमवार, नवंबर 02, 2020

मतदान दिवस 3 नवम्बर को मेहगांव एवं गोहद में रहेगा सामान्य अवकाश

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने म.प्र. सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशानुसार विधानसभा उपनिर्वाचन 2020 के लिए मतदान के दिन 3 नवम्बर 2020 (मंगलवार) को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद   (अ.जा.) में सामान्य अवकाश घोषित कर दिया है।  

मतदान केन्द्र की 100 मीटर परिधि में नहीं कर सकेंगे मोबाइल का उपयोग

 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विधानसभा उपचुनाव 2020 कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद अजा में उपचुनाव 03 नवम्बर को होगा। विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान दिवस 03 नवम्बर को मतदान केन्द्र की 100 मीटर की परिधि में कोई भी व्यक्ति मोबाइल या कार्डलेस फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा तथा अभ्यर्थी मतदान केन्द्र से 200 मीटर की परिधि के अंदर कोई भी बूथ नहीं बना सकेगें। तीन नवम्बर को निर्वाचन संपन्न होने तक मतदान केन्द्र की 100 मीटर की परिधि के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति मोबाइल, कार्डलेंस फोन का उपयोग नहीं करेगा, परन्तु यह प्रतिबंध पीठासीन अधिकारी एवं निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक, सुरक्षा में लगे अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारी पर लागू नहीं होगा। इन अधिकारियों को भी अपना मोबाइल साइलेंट मोड में रखना होगा।   

    निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किसी भी स्थिति में ऐसे बूथों के पास भीड़ को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ना ही मतदान केन्द्र पर ऐसे व्यक्ति को आने की अनुमति दी जाएगी, जो पहले ही मतदान कर चुका हो। यह बात उसकी बायी तर्जनी पर लगी अमिट स्याही से प्रमाणित हो जाएगी। बूथों पर बैठे हुये व्यक्ति मतदान केन्द्र पर जाने वाले मतदाताओं के रास्ते में किसी भी तरह की रूकावट नहीं डालेंगे अथवा दूसरे उम्मीदवार के बूथों पर जाने से उन्हें नहीं रोकेगे या मतदाताओं को स्वयं उनकी इच्छानुसार मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की रूकावट नहीं डालेंगे। मतदान के दिन मतदान केन्द्र, अभ्यर्थी के बूथ पर बैठने वाले मतदान एजेंट, कार्यकर्ता के लिए यह आवश्यक होगा कि वह उसी मतदान केन्द्र का वोटर हो और उसके पास साथ में फोटो परिचय पत्र अथवा शासन द्वारा जारी किया गया ऐसा पहचान पत्र हो जिस पर उसका फोटो लगा हो। मतदान एजेंट किसी भी स्थिति में मतदान के दिन मतदान केन्द्र से संबंधित मतदाता सूची मतदान समाप्ति से पूर्व अपने साथ मतदान केन्द्र से बाहर नहीं ले जा सकेगा।

अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के वाहनो की अनुमति संबंधित विधानसभा के रिटर्निंग ऑफीसर देंगे

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने विधानसभा उप निर्वाचन 2020 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु मतदान दिवस 03 नवम्बर 2020 को अभ्यर्थियों/ निर्वाचन अभिकर्ताओं से वाहन अनुमति हेतु आवेदन पत्र आयोग के निर्देशो का पालन करते हुए वाहन की अनुमति देने के लिए संबंधित विधानसभा के अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं रिटर्निग ऑफीसर को अधिकृत कर दिया है।

शाउमावि भारौली के प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर शाउमावि भारौली के वरिष्ठ अध्यापक (प्रभारी प्रचार्य ) श्री आनंदस्वरूप शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घण्टे के अन्दर जवाब मांगा है।

    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने नोटिस में कहा है कि उनके द्वारा मतदान कर्मियों की सूची फ्रीज करने के पश्चात भेजी थी। जिसमें श्री संतोष शर्मा वरिष्ठ अध्यापक शाउमावि भारौली का नाम भी अंकित किया गया था। आपके द्वारा इनकी ड्यूटी विधानसभा भिण्ड में अंकित की है। जबकि श्री संतोष शर्मा ने बताया कि उनकी ड्यूटी पीठासीन अधिकारी के पद पर मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में लगाई गई है यह गंभीर लापरवाही है।

पशु चिकित्सा विभाग भिण्ड के पशु चिकित्सा सहायक को चेतावनी पत्र जारी

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने पशु चिकित्सा विभाग भिण्ड के पशु चिकित्सा सहायक श्री निरंजन सिंह राठौर की ड्यूटी विधानसभा क्षेत्र 13-गोहद में रिजर्व सेक्टर ऑफीसर के रूप में लगाई गई थी। किन्तु उनके द्वारा रिटर्निग ऑफीसर गोहद से न सम्पर्क किया और न ही मोबाईल पर दिए गए निर्देश उपरांत भी उपस्थिति हुए। जिसका आपके द्वारा जवाब दिया गया था वह जवाब समाधानकारक नहीं होने के कारण चेतावनी पत्र जारी किया गया है।

06 आदतन अपराधी को किया 01 माह के लिए जिला बदर

 जिला दण्डाधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह के प्रस्ताव पर 06 आदतन अपराधियों को 01 माह के लिए जिला बदर किया है। आदतन अपराधी पर विभिन्न थानों में विभिन्न अपराधों के मामले पंजीवद्ध है।

    जिला दण्डाधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 सहपठित धारा 5 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आरोपी अनिल सिंह पुत्र जबर सिंह गुर्जर निवासी गुलियापुरा बेहड थाना गोरमी जिला भिण्ड, अशोक सिंह पुत्र रामअवतार सिंह निवासी मोहनपुरा थाना गोरमी जिला भिण्ड, जितेन्द्र सिंह पुत्र रूकम सिंह पवैया उम्र 32 साल निवासी ग्राम खनेता थाना एण्डोरी जिला भिण्ड, पिन्का उर्फ जयकरन सिंह पुत्र इन्द्रवीर उर्फ मुन्नासिंह गुर्जर निवासी पिपहाडा थाना मौ जिला भिण्ड, उमेश उर्फ पुजारी पुत्र मंशाराम बघेल निवासी बरासो थाना बरासो जिला भिण्ड, विनोद सिंह पुत्र शिवअवतार सिंह राजावत आयु 40 साल निवासी भारौली थाना भारौली जिला भिण्ड की विभिन्न आपराधिक व असामाजिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के उदेश्य से  लोक व्यवस्था एवं जनसाधारण के हित में जिला दण्डाधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने जिला भिण्ड एवं उसके निकटतमी जिले ग्वालियर, मुरैना, दतिया की सीमा से 01 माह की अवधि के लिए बाहर चला जाए तथा बिना पूर्व स्वीकृति के उपरोक्त जिलो की सीमा में प्रवेश न करने के आदेश जारी किए है।

09 अपराधियों को करानी होगी 01 माह प्रतिदिन संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी के पास उपस्थिति दर्ज

जिला दण्डाधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह के प्रस्ताव पर 09 आदतन अपराधियों पर विभिन्न थानों में अपराधों के मामले पंजीवद्ध है। जिला दण्डाधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 (1) क, ख, ग के अन्तर्गत यह कार्यवाही की है।    

    जिसमें आरोपी होलेन्द्र सिंह पुत्र मंशाराम जाटव उम्र 30 साल निवासी नेनोली कॉलौनी मौ थाना मौ जिला भिण्ड, बनवारी सिंह गुर्जर पुत्र गोविन्द सिंह उम्र 40 साल निवासी ग्राम रनूपुरा थाना बरासो जिला भिण्ड, विक्की उर्फ शिवम पुत्र हनुमंत सिंह भदौरिया निवासी ग्राम अजनौधा थाना मेहगांव जिला भिण्ड, दीपक उर्फ विष्णु पुत्र रामवरन सिंह भदौरिया उम्र 29 साल निवासी गढी हरीक्षा थाना गोरमी जिला भिण्ड, कोमल सिंह पुत्र अभिलाख सिंह राजपूत आयु 45 साल निवासी पुरा बढेरा थाना अमायन जिला भिण्ड, लल्लू उर्फ ललुआ कुशवाह पुत्र कैलाश कुशवाह आयु 25 साल निवासी ग्राम खनेता थाना एण्डोरी जिला भिण्ड, महेन्द्र सिंह राजपूत पुत्र नाथूसिंह राजपूत आयु 47 साल निवासी ग्राम खुर्द बरेठी थाना अमायन जिला भिण्ड, रवि उर्फ रामूसिंह पुत्र जंग बहादुर सिंह राजावत निवासी ढोचरा थाना उमरी जिला भिण्ड एवं संतोष पुत्र शिवकुमार उर्फ नगीना यादव निवासी ग्राम उमरी थाना उमरी जिला भिण्ड की आपराधिक, असामाजिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लोक व्यवस्था एवं जनसाधारण के हित में शान्ति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए जिला दण्डाधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने इन आदतन अपराधियों को आदेशित किया है, कि वे आदेश पारित दिनांक से 01 माह की अवधि तक प्रतिदिन संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी के पास उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करेगा तथा दिनभर की गविधियों/ क्रियाकलापो की जानकारी संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी को देगा।

आज प्रदेश में प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा मतदान , सील होगा मशीनों में उम्मीदवारों का परिणाम

 प्रदेश के 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में उप निर्वाचन आज अधिक से अधिक संख्या में करें मतदान

प्रदेश के 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उप निर्वाचन के लिये 3 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा लोकतंत्र की मजबूती के लिये मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की गई है।
    संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री मोहित बुंदस ने बताया कि कोविड-19 से सुरक्षित मतदान के लिये मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। मतदान से कोई भी मतदाता न छूटे, इसके लिये सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता(स्वीप) की गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक गया है। लोकतंत्र की मजबूती के लिये मतदान करना बहुत आवश्यक है। मतदान आपका अधिकार ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है। पुरूष, महिला, दिव्यांग, युवा, वरिष्ठजन, तृतीय लिंग, श्रमिक, किसान, व्यापारी सहित सभी मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित गया है।
    कोविड-19 से सुरक्षित मतदान के लिये मतदान केन्द्रों पर मास्क, सैनिटाइजर, साबुन, पानी, तापमान की जांच व्यवस्था के साथ सामाजिक दूरी आदि का ध्यान रखा जायेगा। कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए मतदान का समय इस उप निर्वाचन में गत निर्वाचनों की अपेक्षा एक घंटे बढ़ाया गया है। मतदान केन्द्रों पर अधिक भीड़ नहीं हो इसके लिये सहायक मतदान केन्द्रों की व्यवस्था की गई है। मतदान केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिये 6 फीट की दूरी पर गोले बनायें जायेंगे। मतदाताओं में कोविड-19 का भ्रम दूर करने के लिये मतदान केन्द्रों पर कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। मतदान केन्द्र का आवश्यक सैनिटाइजेशन कराया गया है। मतदान कर्मियों को पीपीई किट प्रदान की गई है। यदि तापमान दो बार मापने पर भी निर्धारित मापदंड के ऊपर आता है, तो निर्वाचक को कोविड-19 के निवारक उपायों का पालन करते हुए, मतदान के अंतिम घंटे में आकर मतदान करना होगा। कोविड संदिग्ध / क्वॉरेंटीन मतदाता मतदान केन्द्र के अन्दर एक बार में एक ही मतदाता प्रवेश करेंगे।
    स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत जागरूकता वाहन, दीवार लेखन, फ्लेक्स, होर्डिंग्स, पोस्टर के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित किया गया है। मतदान केन्द्रों पर सात तरह के पोस्टर्स द्वारा मतदान प्रक्रिया के संबंध में जानकारी उपलब्ध रहेगी। मतदान केन्द्रों पर पीने का पानी, मतदाताओं हेतु छायादार प्रतीक्षा स्थल, शौचालय, व्हील चेयर, रैम्प, दिव्यांग मतदाताओं के लिये सहायक आदि की व्यवस्थाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

रविवार, नवंबर 01, 2020

पुलिस एवं व्यय प्रेक्षक ने उप निर्वाचन की अंतिम तैयारियों एवं कानून व्यवस्था के संवंध में अधिकरियों की बैठक लेकर की समीक्षा बाहर से आए फोर्स के प्रभारी अधिकारी को प्रेक्षक ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

 

पुलिस प्रेक्षक श्री क्षत्रनील सिंह एवं व्यय प्रेक्षक श्री कुमार चंदन ने आज उप निर्वाचन की अंतिम तैयारियों एवं कानून व्यवस्था के संवंध में अधिकरियों की बैठक कलेक्टर चेम्बर में आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह रावत, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह, बाहर से आयी फोर्स के कमांडेंट श्री एस अय्यास्वामी एवं असिस्टेंट कमांडेंट श्री सदाशिव, एडीएम श्री अनिल कुमार चांदिल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कंचन, सीईओ जिला पंचायत श्री आईएस ठाकुर, उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री इकबाल मोहम्मद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित।
    बैठक में प्रेक्षकद्वय ने उपनिर्वाचन की अंतिम तैयारियों के संवंध में समीक्षा की। उन्होंने मतदान सामग्री वितरण स्थल पर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रेक्षकद्वय ने मतदान केंद्रों के संवंध में आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की। कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह रावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह ने प्रेक्षकद्वय को उपनिर्वाचन की तैयारीयों के संवंध में अवगत कराया। प्रेक्षकद्वय ने वाहर से आए फोर्स के कमांडेंट को भी सुरक्षा एवं अन्य तैयारियों के संबंध में दिशा निर्देश दिए

मेहगांव एवं गोहद में 4 लाख 85 हजार 904 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

 विधानसभा उप निर्वाचन 2020 के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद (अजा) में 3 नवम्बर 2020 को होने वाले विधानसभा उप चुनाव में .4 लाख 85 हजार 904 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 2 लाख 66 हजार 903 पुरूष एवं 2 लाख 18 हजार 965 महिला 36 अन्य मतदाता है।

विधानसभा उप निर्वाचन 2020 हेतु जिले की मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 61 हजार 179 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 44 हजार 215 पुरूष, 1 लाख 16 हजार 964 महिला मतदाता, गोहद विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 24 हजार 725 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 22 हजार 688 पुरूष, 1 लाख 2 हजार 01 महिला एवं 36 अन्य मतदाता हैं।

3 नवम्बर को मतदान के दिन मेहगांव एवं गोहद में सामान्य अवकाश रहेगा

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत ने म.प्र. सामान्य प्रषासन विभाग के आदेशानुसार विधानसभा उपनिर्वाचन 2020 के लिए मतदान के दिन 3 नवम्बर 2020 (मंगलवार) को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद   (अ.जा.) में सामान्य अवकाष घोषित कर दिया है।   

शनिवार, अक्टूबर 31, 2020

विकास में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों की भूमिका- राउंड टेबल कान्फ्रेंस आज

 मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (मेपकास्ट) द्वारा रविवार एक नवम्बर 2020 को राउंड टेबल कान्फ्रेंस का आयोजन सुबह साढ़े 10 बजे से होटल पलाश रेसीडेंसी में किया गया है। कांफ़्रेस के मुख्य अतिथि सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा होंगे।

कान्फ्रेंस का विषय 'प्रदेश के विकास में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों की भूमिका आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए भावी रोडमैप रखा गया है।

सम्मेलन का आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् मेपकास्ट और विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इस अवसर पर विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री जयंत सहस्त्रबुद्धे, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव श्री एम. सेलवेन्द्रन, सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यम सचिव श्री विवेक कुमार पोरवाल भी उपस्थित रहेंगे।

सामान्य प्रेक्षक के लाईजनिंग ऑफिसर श्री तोमर नियुक्त

 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपनिर्वाचन 2020 निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने हेतु नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री श्रीकांत शास्त्री (आईएएस) भिण्ड़ जिले की विधानसभा क्षेत्र 12-मेहगांव 13-गोहद (अ.जा.) सहित दतिया जिले की 21-भांडेर (अ.जा.) हेतु सामान्य प्रेक्षक लाइजनिंग अधिकारी कृषि विभाग भिण्ड के सहायक संचालक श्री रामसुजान शर्मा के स्थान पर अब लाईजनिंग ऑफीसर जिला पंचायत भिण्ड के परियोजना अधिकारी (मनरेगा) श्री प्रमोद सिंह तोमर को नियुक्त किया गया है। लाइजनिग अधिकारी श्री तोमर का मोबाईल नम्बर 7987273107 है

मतदान दलो को ठहराने हेतु विद्यालयों पर पटवारियों की ड्यूटी

 विधानसभा उप निर्वाचन 2020 के अन्तर्गत अनुविभागीय दण्डाधिकारी भिण्ड श्री उदय सिंह सिकरवार द्वारा विधानसभा क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद के मतदान दलो को ठहरने हेतु मुन्नालाल उमावि बम्बा का किनारा भिण्ड पर पटवारी लावन श्री योगेन्द्र यादव, इम्मानुअल उमावि गौरी रोड भिण्ड पर पटवारी मूरतपुरा श्री अजय जैन, सिटी सेंटर उमावि भिण्ड पर पटवारी दबोहा श्री जीतू सिंह, जैन उमावि भिण्ड पर पटवारी श्री जिलेदार सिंह नरवरिया, शाउमावि काटनजीन भिण्ड पर पटवारी पुलावली श्री संदीप तोमर की ड्यूटी लगाई है। उन्होंने कहा कि निरीक्षक भिण्ड/उमरी/फूप/पीपरी अपने-अपने वृत से एक-एक विद्यालय पर चार कोटवार तैनात करेंगे।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान व्यय लेखा रजिस्टर का निरीक्षण 1 नवम्बर को

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा उप निर्वाचन 2020 अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद(अजा) के प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर का निरीक्षण 1 नवम्बर 2020 को प्रातः11 बजे से सायं 5 बजे तक विधानसभा गोहद हेतु-महर्षि अरविन्द शासकीय महाविद्यालय गोहद एवं विधानसभा मेहगांव हेतु-कौशल विकास केन्द्र जनपद पंचायत मेहगांव में किया जाएगा।

विधानसभा क्षेत्र मेहगांव एवं गोहद के समस्त मतदाताओं से अपील है कि सावधानियाँ एवं उपाय अपनाएँ तथा मतदान केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेते हुए 3 नवम्बर को अवश्य मतदान करें

 प्रिय मतदाता, विधानसभा क्षेत्र मेहगांव एवं गोहद, विधानसभा क्षेत्र मेहगांव एवं गोहद में उप निर्वाचन हेतु 3 नवंबर 2020 को मतदान है, मतदान का समय प्रातः7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। इस बार मतदान केंद्रों में आयोग द्वारा एएमएफ के सम्बंध में उल्लेखित सुविधाओं के साथ कोरोना संक्रमण की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त प्रावधान करने के निर्देश हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाईन अनुसार हर मतदान केंद्र को मतदान दिवस के पूर्व एवं मतदान दिवस के दिन सैनिटाईज किया जाएगा। मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार पर प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्कैनिंग से तापमान लिया जाएगा।

   स्वास्थ्य मंत्रालय के मापदंड से अधिक तापमान पाए जाने पर मतदाता की पुनः थर्मल जाँच की जाएगी। पुनः जाँच में भी अधिक तापमान पाए जाने पर मतदाता को टोकन दिया जाएगा। ऐसे मतदाताओं को मतदान के आखिरी घंटे में समस्त सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए मतदान का अवसर दिया जाएगा। मतदान केंद्रों में सामाजिक दूरी (2 गज की दूरी) सुनिश्चित करने हेतु मार्किंग की जा रही है। मतदान केंद्रों में तीन कतारें (महिला, पुरुष तथा दिव्यांगजन/ वरिष्ठ जन हेतु) होंगी।
   प्रत्येक मतदान केंद्र में प्रवेश एवं निकास बिंदुओं में साबुन एवं सैनिटाईजर की सुविधा होगी। आवश्यकता पड़ने पर पहचान हेतु मतदाताओं को अपना मास्क हटाना होगा। पोलिंग अधिकारी के समक्ष एक समय में एक ही मतदाता रह सकेगा। हस्ताक्षर एवं ईवीएम बटन दबाकर मतदान करने हेतु ग्लव्ज प्रदान किए जाएँगे। इस प्रक्रिया दौरान मतदाता सैनिटाईजर का प्रयोग करेंगे। ऐसेकोविड मरीज जो क्वॉरंटीन हैं, उन्हें सम्बंधित मतदान केंद्रो में स्वास्थ्य अधिकारियों की निगरानी में मतदान के आखिरी घंटे में मतदान करने की अनुमति होगी।
   विधानसभा क्षेत्र मेहगांव एवं गोहद के समस्त मतदाताओं से अपील है कि सावधानियाँ एवं उपाय अपनाएँ तथा मतदान केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेते हुए 3 नवम्बर को अवश्य मतदान करें। ’’शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य प्राप्त करने हेतु सभी मतदाता अपनी जिम्मेदारी निभाएँ, मतदान अवश्य करें।’’

मतदान हेतु पहचान के लिए 12 अन्य दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज जरूरी

 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा यह निर्देश दिए गये हैं कि मतदाताओं को मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने तथा शत प्रतिशत मतदान को दृश्टिगत रखते हुए यह व्यवस्था की गई है कि मतदाता को मतदाता फोटो परिचय पत्र (इपिक) के अतिरिक्त मतदान करने के लिए 12 अन्य दस्तावेजों में से कोई एक मतदान केन्द्र में प्रस्तुत करना होगा। 

   मतदाता सूची में नाम होने पर मतदाता वोटर आईडी कार्ड तथा मतदाता पर्ची के अभाव में जो दस्तावेज मतदान के लिए आवष्यक होंगे, उनमें मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्रायविंग लाइसेंस, राज्य या केन्द्र सरकार या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले सर्विस पहचान पत्र, बैंक या डाकघर पासबुक, पेन कार्ड, स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, पेंशन प्रमाण पत्र, सरकारी पहचान पत्र (सांसद, विधायक और विधान परिशद सदस्यों को जारी) तथा फोटोयुक्त आधार कार्ड के द्वारा मतदान किया जा सकेगा।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान व्यय लेखा रजिस्टर का निरीक्षण 1 नवम्बर को

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह रावत से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा उप निर्वाचन 2020 अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र 12-मेहगांव एवं 13-गोहद(अजा) के प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर का निरीक्षण 1 नवम्बर 2020 को प्रातः11 बजे से सायं 5 बजे तक विधानसभा गोहद हेतु-महर्षि अरविन्द शासकीय महाविद्यालय गोहद एवं विधानसभा मेहगांव हेतु-कौशल विकास केन्द्र जनपद पंचायत मेहगांव में किया जाएगा।

काउंटिंग टीम का प्रशिक्षण अब 5 नवम्बर को

 अनुविभागीय अधिकारी एवं नोडल अधिकारी प्रशिक्षण भिण्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहद एवं मेहगांव विधानसभा के उप निर्वाचन 2020 के लिए काउंटिंग टीम के प्रशिक्षण में संशोधित कर अब 05 नवम्बर 2020 को तीन पारियों में प्रातः10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक एवं दोपहर 2 बजे से सायं 4 बजे तक जिला पंचायत भिण्ड के सभागार में किया जाएगा।

उप निर्वाचन क्षेत्रों में एक लाख 52 हजार से अधिक शस्त्र जमा कराये गये

 संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री मोहित बुंदस ने बताया कि विधानसभा उप निर्वाचन 2020 में प्रदेश के 19 जिलों में अब तक पुलिस थानों में एक लाख 69 हजार 415 लायसेंसी हथियारों में से एक लाख 52 हजार 213 हथियार जमा कराये जा चुके हैं। साथ ही 3 हजार 645 हथियार जब्त किये गए एवं 163 लायसेंस रद्द किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यवाही एवं चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा अब तक 40 वाहन जप्त किये गए हैं। 

   उप निर्वाचन के अंतर्गत पुलिस के 293 नाके क्रियाशील हैं। पुलिस द्वारा 8 हजार 477 गैर जमानती वारंट तामील कराए जा चुके हैं। साथ ही एक लाख एक हजार 938 लीटर अवैध मदिरा जिसका मूल्य 3.34 करोड़ रूपये है, जब्त कर कार्यवाही की गई।