गुरुवार, जून 10, 2010

भिण्ड जिले में भी होगी बृहद लोक अदालत , 10 जुलाई को होगा आयोजन

भिण्ड जिले में भी होगी बृहद लोक अदालत , 10 जुलाई को होगा आयोजन

आरंभिक तैयारियॉ शुरू

भिण्ड 8 जून 2010

       जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री हरिश्चन्द्र शर्मा ने बताया कि भिण्ड जिले में भी 10 जुलाई को बृहद लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इस आयोजन की आरंभिक तैयारियाँ शुरू की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए प्रदेश भर में एक साथ बृहद लोक अदालत आयोजित की जायेगी। आयोजित लोक अदालत में लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण किया जायेगा। इस संबंध में म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिशा निर्देश प्रसारित किये जाकर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिये गये है। बृहद लोक अदालत के आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर समीक्षा करने के निर्देश दिये गये है।

       बृहद लोक अदालत जिला मुख्यालय भिण्ड के साथ साथ जिले की न्यायिक तहसील मेहगांव, गोहद, लहार और राजस्व न्यायालय रौन, मिहोना, लहार, मेहगांव, गोहद, अटेर, के न्यायालयों में आयोजित की जाएगी। जिसमें आपसी समझौते के आधार पर प्रकरणों का निराकरण किया जाकर पक्षकारों को लाभान्वित किया जायेगा। जिसके तहत राजीनामा योग्य प्रकरण, आपराधिक प्रकरण घरेलू हिंसा, मोटर दुघर्टना, दीमानी एवं राजस्व प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जायेगा। बृहद लोक अदालत के आयोजन से पक्षकार के मध्य आपसी सदभावना बढती है और कटुता समाप्त होती है। जिससे धन के साथ साथ समय की भी बचत होती है। आपसी समझौते से निर्णय होने पीडित पक्षो को होने वाले व्यय से भी छुटकारा मिलता है।

 

जन सुनवाई में 225 आवेदन मिले , विभागों को समाधान कारक निराकरण करने के दिये निर्देश

जन सुनवाई में 225 आवेदन मिले , विभागों को समाधान कारक निराकरण करने के दिये निर्देश

भिण्ड 8 जून 2010

       कलेक्ट्रेट प्रांगण भिण्ड में मंगलवार को जिला स्तरीय जन सुनवाई कलेक्टर रघुराज राजेन्द्रन की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। जन सुनवाई कार्यवाही में 225 आवेदन मिले। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश के साथ समाधान कारक कार्यवाही के लिए प्रेषित किये गये। जिला स्तरीय जनसुनवाई में ग्रामीण अंचलों के विभिन्न आवेदकों द्वारा विभिन्न समस्याओं के निराकरण के संबंध में डिप्टी कलेक्टर एके चांदिल को आवेदन प्राप्त किए। प्राप्त आवेदनों का जन सुनवाई स्थल पर परीक्षण किया गया और निराकरण हेतु आवेदन पर संबंधित विभाग को उपलब्ध कराये गये।

 

भिण्ड में भी लगेगा तीन दिवसीय कृषि मेला आयोजन की आरंभिक तैयारियॉ शुरू

भिण्ड में भी लगेगा तीन दिवसीय कृषि मेला आयोजन की आरंभिक तैयारियॉ शुरू

स्टेडियम में होगा आयोजन

भिण्ड 8 जून 2010

       भिण्ड जिले के काश्तकारों को आधुनिक एवं उन्नत खेती के गुर सिखाने के लिए कृषि विभाग द्वारा तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेला आयोजित किया जा रहा है । इस मेले में किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपाय बताये जायेगें साथ ही उन्हेंट्रेक्टर एवं अन्य आधुनिक संचालित योजनाओं तथा उन्नत कृषि यंत्रों के बारे में भी जानकारी दी जायेगी। इस मेले की  आरंभिक तैयारियॉ शुरू कर दी गई है। इस मेले में खरीफ सीजन के लिए किसानों को एक ही स्थान पर खेती की अनेक जानकारी मिलेगी। कृषकों को आधुनिक तकनीक, खरीफ सीजन के दौरान खाद, बीज की उपलब्धता की जानकारी एक ही स्थान पर देने के उद्देश्य से खरीफ वर्ष 2010 में जिला स्तर पर तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेलों का आयोजन किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं, कृषि में महिलाओं की भागीदारी, अजा अजजा के कृषकों के लिये प्रशिक्षण, बलराम तालाब, बैलगाडी पर अनुदान आदि क्रियान्वित की जा रही है। इन योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ किसानों को खरीफ सीजन में कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में आधुनिक कृषि यंत्र उपकरण, ट्रेक्टर एवं सिचाई उपकरणो का विशेष रूप से प्रदर्शन किया जायेगा। कृषि आदानों, बीज, खाद, अर्वरक, खरपतवार नाशक, कीटनाशक, फफूंदनाशक औषधियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जायेगा। किसानों को उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशु पालन से संबंधित जानकारी विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की जायेगी। कृषि मेले में पशु चिकित्सक भी उपलब्ध रहेगें कृषि मेले में मिट्टी परीक्षण की सुविधा के साथ कृषि नेट, किसान काल सेन्टर एवं कृषक पाठयशालाओं के आयोजन के बारे में भी बताया जायेगा। कृषकों को अपने उत्पादन की बिक्री हेतु कृषि उपज मण्डी द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जायेगी। कृषि विज्ञान मेले में पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि उपज मण्डी, सहकारिता विभागों के अधिकारियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गयी है इस तीन दिवसीय कृषि मेले में प्रतिदिन कृषक सत्र आयोजित किये जायेगे।

 

22 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना गतिविधि होगी

22 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना गतिविधि होगी

भिण्ड 8 जून 2010

       भिण्ड जिले में भी प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जारी है उल्लेखनीय है कि राज्य में जनगणना 2011 के प्रथम चर में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 7 मई से शुरू हुआ है जो 22 जून तक सम्पन्न होगा। इस अभियान में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर तैयार करने के लिए परिवार अनुसूची भरने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके आधार पर प्रथमत: राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर तैयार जाएगा। राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के आधार पर ही आगामी चरणो में 15 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों के फोटो एवं उंगलियों के निशान भी एकत्रित किये जायेगें। राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर में एकत्रित सभी आंकडों को कम्प्यूटरीकृत करके भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण को पहचान संख्या आवंटित करने के लिए सौपा जायेगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना के तहत  प्रत्येक व्यक्ति के जन सांख्यिकीय एवं महत्वपूर्ण सामाजिक आर्थिक जानकारी एकत्रित की जाना है। यह कार्य सम्पूर्ण देश में एक निश्चित अवधि यथा 9 फरवरी 2011 से 28 फरवरी 2011 के दौरान किया जाएगा।

 

गरीबों के संचालित हाथ ठेला एवं साईकिल रिक्शा योजनाएं

गरीबों के संचालित हाथ ठेला  एवं साईकिल रिक्शा योजनाएं

भिण्ड 8 जून 2010

        प्रदेश के गरीब हाथ ठेला एवं साइकिल रिक्शा चालकों एवं उनके परिवार के लिए लाभप्रद योजना  लागू की गई है। हाथठेला एवं साइकिल रिक्शा चालकों द्वारा योजनान्तर्गत लाभ प्राप्त करने के लिये संबंधित नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत में पंजीयन करना अनिवार्य होगा। पंजीकृत हाथठेला एवं साइकिल रिक्शा चालको को निकाय द्वारा फोटोयुक्त परिचय पत्र जारी होगा। यह पंजीयन 3 वर्ष की अवधि समाप्त होने पर नवीनीकरण योग्य होगा। योजनान्तर्गत पंजीबद्व हाथठेला एवं साइकिल रिक्शा चालकों को शासन की विभिन्न योजनाओं में लाभ प्रदान किया जायेगा।

      प्रसूति सहायता के लिए पंजीबद्व हाथठेला एवं साइकिल रिक्शा चालक की पत्नी अथवा पंजीबद्व महिला चालक को अधिकतम दो प्रसूतियों के लिये निर्धारित कलेक्टर दर पर 6 सप्ताह की मजदूरी के समतुल्य राशि, पितृत्व अवकाश के रूप में 15 दिन की मजदूरी के समतुल्य राशि एवं प्रसूति व्यय के लिए रूपये एक हजार नगद भुगतान किया जायेगा।

      छात्रवृत्ति एवं मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में पंजीबद्व चालकों के बच्चों को मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना 2007 में वर्णित प्रावधानों के अनुरूप छात्रवृत्ति एवं मेधावी छात्र पुरस्कार स्वीकृत किये जायेगें।

      विवाह सहायता हेतु  पंजीबद्व चालक की दो पुत्रियों की सीमा तक न्यूतम 5 कन्याओं के सामूहिक विवाह के आयोजन में रूपये 6 हजार प्रति विवाह सहायता प्रदान की जायेगी। पंजीबद्व हाथठेला एवं साइकिल रिक्शा चालक के परिवार के किसी सदस्य के बीमार होने पर शासकीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में होने वाले चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति 20 हजार रूपये की सीमा तक प्रतिवर्ष, प्रति परिवार दी जायेगी। इस हेतु दीनदयाल अन्तयोदय उपचार योजना के नियम व मापदण्ड लागू होगें। गंभीर बीमारी की स्थिति में उपरोक्त राशि के अतिरिक्त राज्य बीमारी सहायता निधि के अन्तर्गत सहायता दी जायेगी तथा आवश्यकता होने पर उपरोक्तानुसार दी जाने वाली राशि के अतिरिक्त मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से भी सहायता दी जायेगी।

      दुघर्टना में मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह सहायता  पंजीबद्व हाथठेला एवं साइकिल रिक्शा चालक के किसी सदस्य की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिये  2 हजार रूपये की अनुग्रह सहायता परिवार के सदस्य को उपलब्ध कराई जायेगी।

      जनश्री बीमा योजना में जनश्री बीमा योजना के अन्तर्गत बीमित व्यक्ति की सामान्य मृत्यु होने पर 30 हजार रूपये, दुघर्टना में मृत्यु होने पर अथवा स्वाथी रूप से पूर्ण अपंगता होने पर 75 हजार रूपये, दुघर्टना में एक ऑख् या एक हाथ या पांव अक्षम होने पर 37 हजार 500 रूपये का लाभ दिया जायेगा।

       योजना के तहत बीमित सदस्यों के बच्चों के लिए शिक्षावृत्ति का लाभ दिया जायेगा। इसमें 9 वीं से 12 वीं तक के अध्ययनरत केवल दो विद्यार्थी प्रति परिवार को प्रति माह 100 रूपये की शिक्षावृत्ति दी जायेगी। हितग्राही को शासन द्वारा वित्त पोषित एक बीमा योजना का लाभ प्राप्त होगा।

 

प्रभारी मंत्री का भ्रमण कार्यक्रम आज , ग्रामीणों को मिलेगी सौगात

प्रभारी मंत्री का भ्रमण कार्यक्रम आज , ग्रामीणों को मिलेगी सौगात

रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी भाग लेगें 

भिण्ड 8 जून 2010

       प्रदेश के गृह, परिवहन एवं जेल तथा भिण्ड जिले प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत बुधवार को आएगें। प्रभारी मंत्री ग्रामीण अंचलों के भ्रमण कार्यक्रमों में लोगों को अनेक विकास मूलक कार्यो की सौगात देगें तथा ग्रामीण अंचलों के भ्रमण के उपरांत शाम 7.15 बजे रोगी कल्याण समिति बैठक में भाग लेगें। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह प्रात:8 बजे ग्वालियर से सडक मार्ग द्वारा प्रस्थान करेगें। वे 11  बजे अटेर ब्लॉक के ग्राम भोनपुरा में ग्राम बचपुरा तक निर्मित होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम में भाग लेगें। तत्पश्चात सुरपुरा के लिए प्रस्थान करेगें जहॉ वे लोक निर्माण द्वारा निर्मित कराये गये पहुंच मार्ग का लोकार्पण करेगें। वे दोपहर 2.10 बजे ग्राम परा में हैण्डपम्प के शिलान्यास, शाम 4 बजे अटेर में पानी की टंकी के भूमिपूजन कार्यक्रम और शाम 5 बजे अटेर में ही बीआरसी भवन के पास निर्मित होने वाले हॉस्टल निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाग लेगें। श्री नारायण सिंह कुशवाह शाम 6.30 बजे बलारपुरा में बघेलन का पुरा मार्ग के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाग लेगें और शाम 7.15 बजे भिण्ड में रोगी कल्याण समिति की बैठक में समीक्षा करने के उपरांत ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेगें।

 

आई.ई.सी प्रचार समिति की बैठक आज

आई.ई.सी प्रचार समिति की बैठक आज

भिण्ड 7 जून  2010

       कलेक्टर भिण्ड द्वारा मंगलवार को आई.ई.सी की प्रचार समिति की बैठक में प्रचार प्रसार गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इस हेतु शाम 5 बजे से कलेक्टर कक्ष में आयोजित बैठक में संबंधित सभी अधिकारियों से उपस्थित होने की अपील की गई है।

 

मुर्रा बुल अंशदान पर उपलब्ध होगें , 15 हितग्राहियों को लाभान्वित कराने का लक्ष्य

मुर्रा बुल अंशदान पर उपलब्ध होगें , 15 हितग्राहियों को लाभान्वित कराने का लक्ष्य

भिण्ड 7 जून 2010

       भैस की नस्ल सुधारने के लिए मुर्राबुल योजना लागू है। योजनार्न्तत भैस पालकों को उन्नत नस्ल का भैस पोडा अंशदान पर उपलब्ध कराया जायेगा। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा भिण्ड ने बताया कि एक मुर्रा बुल की कीमत 18 हजार रूपये निर्धारित है। सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 4500 और अनुसूचित जाति एवं जनजाति हितग्राहियों को 3600 रूपये का अंशदान जमा कराये जाने पर एक माह की समय सीमा में उपलब्ध कराया जायेगा। इच्छुक व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए पशु चिकित्सा सेवाएं भिण्ड से सम्पर्क कर सकते है। योजना अन्तर्गत सामान्य वर्ग के 6 और अनुसूचित जाति एवं जन जाति वर्ग के 9 हितग्राहियों को लाभान्वित कराने का लक्ष्य है। भिण्ड जिले के ऐसे आवेदक जिन्होंने मनरेगा योजना में श्रमिक के रूप में कार्य किया है उन्हें मुर्रा बुल प्रदाय करने में प्राथमिकता दी जाएगी।

       इसी तरह बकरी पालकों के लिए बकरियों की नश्ल सुधार के लिए जमुना पारी नर बकरा योजना अन्तर्गत हितग्राहियों को 800 रूपये के अंशदान पर उन्नत नस्ल का जमुना पारी नर बकरा प्रदाय किया जायेगा। जमुना पारी नस्ल के नर बकरे की लागत 4 हजार रूपये है। योजना अन्तर्गत सामान्य एवं अनुसूचित जाति वर्ग के 40-40 हितग्राहियों को लाभान्वित कराने का लक्ष्य है।

बकरी यूनिट योजना अन्तर्गत सामान्य वर्ग के लिए 9 और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 6 यूनिट वितरण का लक्ष्य है। इस योजना में 10 बकरियॉ एवं नर मिलाकर हितग्राही को एक यूनिट बकरी प्रदाय की जाती है। सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 6300 और अनूसचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अनुदान पर बकरी यूनिट का वितरण किया जाता है।

 

पंच निर्वाचन हेतु 170 नाम निर्देशन दाखिल

पंच निर्वाचन हेतु 170 नाम निर्देशन दाखिल

भिण्ड 7 जून 2010

       उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन भिण्ड एके चादिल ने बताया कि भिण्ड जिले में 397 पंच पदों के लिए होने वाले निर्वाचन के तहत 7 जून तक 171 अभ्यर्थियों द्वारा 170 नामांकल दाखिल किये गये।  227 स्थानों के लिए कोई नाम निर्देशन दाखिल नही कराया गया है।

 

कालाबाजारी करने के साक्ष्य आमंत्रित , लीड प्रबंधक एवं सहायक कर्मी पर लगे आरोप

कालाबाजारी करने के साक्ष्य आमंत्रित , लीड प्रबंधक एवं सहायक कर्मी पर लगे आरोप

भिण्ड 7 जून 2010

       कलेक्टर भिण्ड रघुराज राजेन्द्रन द्वारा मेहगांव तहसील के लीड प्रबंधक एवं सहायक लीड प्रबंधक पर कालाबाजारी करने के संबंध में लगाये गये आरोप के संबंध में साक्ष्य आमंत्रित किये गये है। कोई भी व्यक्ति उक्त संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित जिला खाद्य अधिकारी कार्यालय में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर लिखित में साक्ष्य दे सकते है। जिला आपूर्ति अधिकारी भिण्ड ने बताया कि लीड प्रबंधक विनोद शर्मा और सहायक लीड प्रबंधक धीरज शर्मा पर अमायन क्षेत्र में कालाबाजारी में लिप्त होने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत की जॉच अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मेहगांव से कराई गई। लीड प्रबंधक एवं सहायक लीड प्रबंधक के खिलाफ कालाबाजारी में लिप्त होने की शिकायत प्रमाणित नही होने से दोनो अधिकारियों के कालाबाजारी में लिप्त होने एवं शिकायती प्रतिवेदन के संबंध में  साक्ष्य आमंत्रित किये गये है।

 

आरटीओ द्वारा परिवहन चैक पोस्ट मालनपुर का आकस्मिक निरीक्षण , 25 वाहनों के विरूद्व चालानी कार्यवाही हुई

आरटीओ द्वारा परिवहन चैक पोस्ट मालनपुर का आकस्मिक निरीक्षण , 25 वाहनों के विरूद्व चालानी कार्यवाही हुई

बिना परमिट के दो बस एवं दो ट्रक का परिचालन होने पर समझौता शुल्क एवं वाहनकर बसूल 

भिण्ड 7 जून 2010

       कलेक्टर भिण्ड रघुराज राजेन्द्रन के निर्देशन में परिवहन चैक पोस्ट मालनपुर पर सोमबार को जिला परिवहन अधिकारी एवं उनके दल द्वारा की गई आकस्मिक जांच में बिना परमिट के दो बस एवं दो ट्रक का संचालन पाये जाने पर 60430 रूपये समझौता शुल्क और 10100 रूपये वाहन कर की बसूली की गई। प्रभारी जिला परिवहन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि परिवहन चैक पोस्ट मालनपुर के प्रभारी तरूण पाल सिंह भदौरिया के साथ 7 जून सोमबार को किये गये आकस्मिक जॉच में जिले में अवैध रूप से संचालित यात्री एवं माल यानों की विशेष रूप से जांच की गई। जॉच में 25 वाहनों के विरूद्व चालानी की कार्यवाही की गई। वही दो ट्रक एवं दो बस बिना परमिट के संचालित होने पर उनसे समझौता शुल्क और वाहनकर की बसूली की गई।

 

बस स्टेण्ड निगरानी समिति की बैठक 15 को

बस स्टेण्ड निगरानी समिति की बैठक 15 को

भिण्ड 7 जून 2010

       कलेक्टर भिण्ड रघुराज राजेन्द्र की अध्यक्षता में बस स्टेण्ड निगरानी समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 15 जून को दोहपर 4 बजे से आयोजित की गई है। जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव बस स्टेण्ड निगरारी समिति भिण्ड एमपी सिंह ने बताया कि बैठक में संबंधित सदस्यों से समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।

 

पटवारी चयन 2008 की अन्तिम सूची वैबसाईट पर

पटवारी चयन 2008 की अन्तिम सूची वैबसाईट पर

भिण्ड 7 जून 2010

       अधीक्षक भू अभिलेख भिण्ड ने बताया कि पटवारी चयन परीक्षा 2008 की अन्तिम सूची वैबसाईट पर उपलब्ध करा दी गई है। संबंधित अभ्यर्थी पर  .डण्त्दड्ड.दत्ड़.त्द  उपलब्ध पटवारी चयन परीक्षा की सूची देख सकेगें।

 

प्रदेश में दक्षता से ऊर्जा के उपयोग एवं संरक्षण का निर्णय शासकीय कार्यालयों में परम्परागत बल्व की खरीदी प्रतिबंधित

प्रदेश में दक्षता से ऊर्जा के उपयोग एवं संरक्षण का निर्णय शासकीय कार्यालयों में परम्परागत बल्व की खरीदी प्रतिबंधित

सी.एफ.एल, एल.ई.डी, बेरड लाईट्स, ऊर्जा दक्ष टयूब का क्रय अनिवार्य

भिण्ड 7 जून 2010

       राज्य शासन द्वारा ऊर्जा सरंक्षण अधिनियम और दक्षता से उसका उपयोग सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है। निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त संस्थानों में परम्परागत बल्व की खरीदी प्रतिबंधित की गई है और उसके स्थान पर ऊर्जा दक्ष लाईटिंग जिसमें सी.एफ.एल, एल.ई.डी, बेरड लाईट्स, इलेक्ट्रोनिक बेलास्ट एवं रेगूलेटर तथा ऊर्जा दक्ष टयूब क्रय की जाना अनिवार्य की गई है।

       ऊर्जा सरंक्षण अधिनियम एवं उसके दक्षता के उपयोग को सुनिश्चित करने के तहत शासकीय कार्यालय एवं शासकीय सहायता प्राप्त संस्थाये जैसे नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायते था ग्राम पंचायतें, सहकारी संस्थाएें, हाउसिंग सोसायटी, प्राधिकरण, निगम और डेबलपर समस्त बोर्ड इत्यादि में ऊर्जा दक्ष पम्पसेट, मोटर वाल्व,स्ट्रीट लाईटिग का उपयोग अनिवार्य किया गया है।

 

मंगलवार, जून 08, 2010

एयरटेल की नेटवर्क फिर ध्‍वस्‍त, न शिकायतें दर्ज हो रहीं न सुनवाई हो रही है, बड़े बड़े दावों के पीछे ढोल की पोल

एयरटेल की नेटवर्क फिर ध्‍वस्‍त, न शिकायतें दर्ज हो रहीं न सुनवाई हो रही है, बड़े बड़े दावों के पीछे ढोल की पोल 

क्‍या आप भी किसी मोबाइल सेवा प्रदाता कम्‍पनी की ठगी का शिकार हैं तो इसे ध्‍यान से पढ़ें

हर तीसरे दिन लुप्‍त हो जाता है एयरटेल का नेटवर्क, हजारों रू. का बैलेन्‍स एक झटके में साफ कर देती हे कम्‍पनी   

यूं ही नहीं चलते लाखों के इनामी टी.वी. कार्यक्रम कम्‍पनीयों के , इस तरह करोड़ो अरबों बटोरतीं हैं कम्‍पनीयॉं, और चलाती हैं देश की आवाज और क्रेजी किया रे जैसे लुभावने कार्यक्रम

मुरैना 7 जून 10 , विगत 8 फरवरी से गड़बड़ाया एयरटेल (भारती एयरटेल) का नेटवर्क पिछले दिनों की तरह आज फिर ध्‍वस्‍त हो गया ।

विगत 8 फरवरी से ठप्‍प हुये एयरटेल संचार प्रणाली में मजे की बात यह भी है कि उपभोक्‍ताओं को जम कर कम्‍पनी द्वारा चूना भी लगाया जा रहा है । जहॉं कम्‍पनी द्वारा घोषित टोल फ्री शिकायत नंबर 198 कभी भी नहीं लगता वही कम्‍पनी जबरन बाध्‍य कर शिकायतें पहले खुद ही पैदा करती है और उसके बाद शिकायत दर्ज कराने के पैसे वसूलती है ।

जहॉं कम्‍पनी कुछ नंबरों पर एस.एम.एस. से शिकायत भेजने के लिये शुल्‍क नहीं लेती थी मसलन 121, अब इस नंबर पर भी एस.एम.एस. भेजने के पैसे काटे जाते हैं वह भी 1 रू. प्रति एस.एम.एस. की दर से शुल्‍क वसूलती है , आज हमने जब 198 , 121 सभी नंबरों के फेल होने पर 121 पर एस.एम.एस. भेजे तो पूरे 6 रू. काट लिये गये ।

उल्‍लेखनीय है कि कम्‍पनी के नेटवर्क टावर विगत 8 फरवरी से चम्‍बल में उपलब्‍ध नहीं हो रहे हैं । सैकड़ों उपभोक्‍ता कम्‍पनी के पास शिकायत दर्ज कराने को झकमारी करते फिर रहे हैं , अव्‍वल तो कम्‍पनी शिकायत ही दर्ज नहीं करती और कोई उपभोक्‍ता पैसे खर्च कर शिकायत दर्ज भी करवा दे तो फिर उस पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती । उपभोक्‍ता पैसे खर्च करता रहता है और ठगा जा कर कम्‍पनी की चालबाजी और धोखाधड़ी का शिकार होता रहता है ।

कम्‍पनी के तमाम उपभोक्‍ता मोबाइल आफिस के नाम से इण्‍टरनेट सेवायें प्रयोग करते हैं , उनके साथ कम्‍पनी न केवल धोखाधड़ी कर रही है बल्कि जम कर ठगी भी कर रही है । कुछ उपभोक्‍ताओं से मासिक शुल्‍क एकमुश्‍त काट कर कम्‍पनी महीने भर इण्‍टरनेट सेवायें प्रदान करने का वायदा करके साधारण संचार नेटवर्क तक उपलब्‍ध नहीं करा पाई वही कुछ उपभोक्‍ता 10 रू प्रति दिवस का भुगतान करके भी इण्‍टरनेट छोडि़ये साधारण फोन पर बात भी नहीं कर पाये । और विगत 8 फरवरी से तकरीबन हर दूसरे दिन अपने गांठ से पैसे खर्च करके शिकायतें भी करते रहे और रोजाना 10 रू भी कटाते रहे फिर भी वही ढाक के तीन पात ही रहे ।

इससे भी आगे बढ़ कर कम्‍पनी और भी कई करिश्‍मे दिखाती है , मसलन इस कम्‍पनी की मोगाइल सेवाओं पर बिना चालू किये ही अपने आप ही अश्‍लील गानों की कालर टयून नामक सेवा प्रारंभ हो जाती है और जबरन रातों रात आपके मोबाइल फोन से 60- 70 रूपये गायब हो जायेंगें ।

और भी तमाशा ये हैं कि आप के फोन पर कोई भी सुविधा आप प्राप्‍त करें या न करें यदि आपने अपना बैलेन्‍स 100 रूपये से ऊपर मोबाइल में रखा है तो रातों रात सैकड़ों रूपये गायब होकर चन्‍द पैसे का बैलेन्‍स मात्र शेष रह जायेगा । कई उपभोक्‍ताओं के इस तरह सैकड़ो हजारों रूपये साफ हो चुके हैं । जिसकी शिकायतें जागो ग्राहक जागो और ट्राई तक हो चुकीं हैं , ज्‍यादा पीछे पड़ने वाले ग्राहक के पैसे तो कम्‍पनी लौटा देती है लेकिन लापरवाह , सुस्‍त या शिकायत न करने वाले या पीछे न पड़ने वालों के पैसे कम्‍पनी हजम कर जाती है । हमने इस समाचार के सम्‍बन्‍ध में सभी साक्ष्‍य प्राप्‍त कर लिये हैं और हमारे पास सुरक्षित हैं । जनहित में सूचित करते हैं कि ऐसी किसी भी कम्‍पनी से पीडि़त होने पर बी.एस.एन.एल. के फोन से टोल फ्री नंबर 1800-11-4000 पर शिकायत तुरन्‍त दर्ज करायें ।  हमने इस समाचार के सम्‍बन्‍ध में सारे मामले के पर्याप्‍त एवं आवश्‍यक साक्ष्‍य पहले ही प्राप्‍त कर लिये हें ।